Mexico earthquake 2026: मेक्सिको में 6.5 तीव्रता का भूकंप: 2 मौतें, 500 से अधिक आफ्टरशॉक्स, राजधानी में अफरा-तफरी
साउथ अमेरिकी देश मेक्सिको में शुक्रवार को 6.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे राजधानी मेक्सिको सिटी और रिसॉर्ट शहर अकापुल्को सहित कई क्षेत्रों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इस भूकंप के कारण राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम की नव वर्ष की पहली प्रेस ब्रीफिंग बीच में ही बाधित हो गई। भूकंप और उसके आफ्टरशॉक्स ने लोगों में डर और अफरा-तफरी मचा दी।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान सेवा (National Seismological Service) के अनुसार भूकंप का केंद्र दक्षिणी राज्य गुरेरो के सैन मार्कोस कस्बे के पास था, जो प्रशांत तट के नजदीक अकापुल्को के आसपास स्थित है। भूकंप के बाद 500 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए।
राज्य की नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि अकापुल्को और आसपास के राजमार्गों पर कई भूस्खलन भी हुए। गुरेरो की गवर्नर एवलिन साल्गाडो ने कहा कि भूकंप के केंद्र के पास एक छोटे समुदाय में रहने वाली 50 वर्षीय महिला की घर गिर जाने से मौत हो गई। इसके अलावा, गुरेरो की राजधानी चिलपांसिंगो में स्थित एक अस्पताल को भी भारी क्षति पहुँची और कई मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।
मेक्सिको सिटी और अकापुल्को के निवासी और पर्यटक भूकंप महसूस होते ही सड़कों पर निकल आए। मेक्सिको सिटी की मेयर क्लारा ब्रुगाडा ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत तब हुई, जब वह इमारत खाली करते समय गिर गया और अचानक गंभीर चिकित्सीय स्थिति का सामना करना पड़ा।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने जानकारी दी कि भूकंप 21.7 मील (35 किलोमीटर) की गहराई पर आया और इसका एपिसेंटर अकापुल्को से लगभग 57 मील उत्तर-पूर्व में स्थित रांचो विएजो था। राष्ट्रपति शीनबाम ने भूकंप के कुछ ही समय बाद अपनी प्रेस ब्रीफिंग फिर से शुरू की।
अकापुल्को के आसपास की चोटियों में रहने वाले डॉक्टर और मानवाधिकार रक्षक जोस रेमुंडो डियाज़ तबोडा ने बताया कि उन्हें तेज गड़गड़ाहट सुनाई दी और पड़ोस के सभी कुत्ते भौंकने लगे। इसी समय मोबाइल फोन पर भूकंप का अलर्ट आया और तेज कंपन महसूस हुए। उन्होंने बताया कि पहले आए भूकंप की तुलना में यह झटका हल्का था, लेकिन उन्होंने आवश्यक वस्तुओं से भरा बैग तैयार कर लिया ताकि लगातार आने वाले आफ्टरशॉक्स के दौरान तुरंत सुरक्षित स्थान पर जा सकें।
भूकंप की वजह से संचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई। डियाज़ ने कहा कि वे अकापुल्को के दक्षिण-पूर्व में कोस्टा चिका के किनारे रहने वाले कुछ मित्रों से संपर्क नहीं कर पाए। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से प्रभावित न हों, सुरक्षित स्थान पर रहें और अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
मेक्सिको में यह भूकंप नागरिक सुरक्षा और प्रशासन के लिए एक गंभीर चुनौती साबित हुआ है। सरकारी एजेंसियाँ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने तथा अस्पतालों में आपातकालीन प्रबंध सुनिश्चित करने में लगी हैं।



