Home देश दुनिया Andhra Pradesh Bus Accident: आंध्र प्रदेश बस हादसे की नई सच्चाई: बाइक...

Andhra Pradesh Bus Accident: आंध्र प्रदेश बस हादसे की नई सच्चाई: बाइक नहीं, बाइक सवार की लाश से टकराई थी बस, आग में जिंदा जले 20 यात्री

0
49

Andhra Pradesh Bus Accident: आंध्र प्रदेश बस हादसे की नई सच्चाई: बाइक नहीं, बाइक सवार की लाश से टकराई थी बस, आग में जिंदा जले 20 यात्री

आंध्र प्रदेश के कुर्नूल जिले में हुई भयावह बस दुर्घटना की जांच में रविवार को पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती रिपोर्ट में बताया गया था कि हादसा बस और बाइक की टक्कर से हुआ, लेकिन अब जांच में सामने आया कि बस सीधे बाइक सवार की लाश से टकराई थी। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार हरिशंकर पहले से ही नशे की हालत में डिवाइडर से टकराकर मौके पर मारा गया था। उसके पीछे बैठा साथी एरी स्वामी सड़क पर पड़ी बाइक और शव को हटाने की कोशिश भी नहीं कर पाया था कि तभी तेज रफ्तार बस वहां से गुजर गई। बस का अगला पहिया बाइक में फंस गया और लगभग 200 मीटर तक उसे घसीटते हुए ले गया। इसी दौरान बाइक का फ्यूल टैंक फट गया और बस में भीषण आग लग गई।
इस हादसे में 20 लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई थी, जबकि 19 यात्री समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हादसा 24 अक्टूबर की सुबह नेशनल हाईवे-44 पर चिन्नातेकुरु गांव के पास हुआ था। पुलिस ने बताया कि बस बेंगलुरु से हैदराबाद जा रही थी और उसमें करीब 40 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद बस कुछ ही मिनटों में धधक उठी और लपटों ने पूरी गाड़ी को घेर लिया। स्थानीय लोग और दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक 20 यात्रियों की जिंदगियां लपटों में समा चुकी थीं। घटना के बाद एरी स्वामी भयभीत होकर अपने गांव तुग्गली भाग गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। स्वामी ने बताया कि उसका साथी हरिशंकर शराब के नशे में था और बाइक चलाते समय उसने नियंत्रण खो दिया। बाइक डिवाइडर से टकराई और हरिशंकर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को जांच के दौरान एक वायरल वीडियो भी मिला, जिसमें हरिशंकर नशे की हालत में बाइक चलाते दिखाई दिया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब हादसे की दिशा पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। बस ड्राइवर पर किसी तरह की लापरवाही का आरोप नहीं है, क्योंकि हादसा पहले से सड़क पर पड़ी बाइक और शव के कारण हुआ था। जांच दल ने हादसे की तकनीकी रिपोर्ट तैयार कर ली है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए हाइवे पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं।कुर्नूल का यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर यह संदेश दे गया कि नशे में वाहन चलाना न केवल खुद की बल्कि दर्जनों निर्दोष लोगों की जान भी ले सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here