Jaisalmer Bus Fire: जैसलमेर-थईयात मार्ग बस हादसा: चालक और मालिक गिरफ्तार, एसआइटी जांच में जुटी
जैसलमेर-थईयात मार्ग पर गत मंगलवार को हुए भीषण बस हादसे में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस चालक शौकत और बस के मालिक तुराब अली को गिरफ्तार किया है। दोनों को प्रारंभिक पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था और अब उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि हादसे को लेकर दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज की गई थीं — एक मृतक राजेन्द्रसिंह चौहान के भाई चंदनसिंह और दूसरी मृतक गोपीलाल दर्जी के भाई जगदीश की ओर से। इन शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
हादसे की गहन और विस्तृत जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया गया है। टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाशदान जुगतावत, उप अधीक्षक रूपसिंह इन्दा, नाचना थानाधिकारी बूटाराम, सदर थानाधिकारी सूरजाराम और सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र कुमार शामिल हैं। एसआइटी हादसे के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है, जिसमें कथित तकनीकी खामियां, लापरवाही और बस की सुरक्षा मानकों की स्थिति की भी पड़ताल शामिल है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार होने में समय लगेगा, क्योंकि इसमें कई पहलुओं को शामिल किया जा रहा है। बस का निर्माण चित्तौड़गढ़ में हुआ था, इसलिए वहां से भी तकनीकी जानकारी मंगाई जा रही है। इसके साथ ही पीड़ितों के बयान, रासायनिक विश्लेषण रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को जोड़कर ही अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
हादसे में अब तक 22 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जोधपुर के अस्पतालों में चल रहा है। अब तक 19 शवों में से 18 के DNA नमूने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक नमूने की प्रक्रिया अभी जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
यह हादसा सड़क सुरक्षा और बस निर्माण के मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करता है, और एसआइटी की जांच से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह दुर्घटना तकनीकी खामियों, लापरवाही या अन्य किसी कारण से हुई।



