Anti Terror Operation: उधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, एक जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया। सर्च ऑपरेशन उधमपुर के ऊंचाई वाले क्षेत्र में चलाया जा रहा था, इसी दौरान आतंकियों ने सेना पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि कल देर शाम उधमपुर के डूडू-बसंतगढ़ क्षेत्र और डोडा के भद्रवाह में सेओज धार वन सीमा पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। यह ऑपरेशन सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने मिलकर किया।
सर्चिंग के दौरान आतंकवादियों ने गोलीबारी की। मुठभेड़ स्थल के आसपास रात में कड़ी घेराबंदी की गई। शनिवार सुबह संयुक्त तलाश अभियान फिर से शुरू किया गया। वन क्षेत्र में दो से तीन आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन और डॉग स्कॉड की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी है। आतंकियों की तलाश में किश्तवाड़ में भी ऑपरेशन चलाया गया, जहां कल रात से आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है।
सेना और सुरक्षाबलों के पास इनपुट है कि उधमपुर इलाके में जैश के 2–3 आतंकी छिपे हुए हैं। इनपुट के आधार पर पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि ये आतंकी पिछले लंबे समय से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे, जिसे सुरक्षाबलों ने नाकाम किया। इसी सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने श्रीनगर समेत घाटी के 8 ठिकानों पर भी छापेमारी की।



