Faridabad Car Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर टाटा पंच ट्राला से टकराकर पलटी, मां-बेटे बाल-बाल बचे
फरीदाबाद में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सेक्टर-70 की रहने वाली एक महिला अपने दोनों बेटों के साथ टाटा पंच कार से सेक्टर-88 जा रही थी। जैसे ही गाड़ी सेक्टर-8 के पास पहुंची, अचानक उसका नियंत्रण बिगड़ गया। तेज रफ्तार में गाड़ी सीधे एक ट्राला से जा टकराई और जोरदार टक्कर के बाद कार हाईवे पर पलट गई।
हादसे के वक्त कार पलटने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। लेकिन मौके से गुजर रहे लोगों ने बिना देर किए महिला और उसके दोनों बेटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। महिला को केवल घुटने में हल्की चोट आई है, जबकि दोनों बेटे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
सब इंस्पेक्टर कुलदीप के अनुसार हादसा गाड़ी की तेज रफ्तार के कारण हुआ। टक्कर के तुरंत बाद ट्राला चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटी हुई कार को सीधा कराया। इस दौरान कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक बाधित रहा, लेकिन बाद में स्थिति को सामान्य कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। कार के तेज स्पीड में होने के कारण हादसा हुआ। पुलिस ने ट्राला चालक की तलाश शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर यह दर्शाता है कि तेज रफ्तार सड़क हादसों की सबसे बड़ी वजह है और सतर्कता ही सुरक्षित सफर की कुंजी है।



