Home दिल्ली-एनसीआर Swachh Haryana: गुरुग्राम में मेगा स्वच्छता अभियान: सड़कों पर उतरे एक लाख...

Swachh Haryana: गुरुग्राम में मेगा स्वच्छता अभियान: सड़कों पर उतरे एक लाख से ज्यादा स्वयंसेवक

0
92

Swachh Haryana: गुरुग्राम में मेगा स्वच्छता अभियान: सड़कों पर उतरे एक लाख से ज्यादा स्वयंसेवक

साइबर सिटी गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए गुरुवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेगा स्वच्छता अभियान की शुरुआत की, जिसमें एक लाख से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। यह अभियान धार्मिक और सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से संचालित हुआ।

इसमें राधा स्वामी सत्संग ब्यास, संत निरंकारी मिशन और डेरा सच्चा सौदा जैसे बड़े संगठनों के अनुयायियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वयंसेवक प्रदेश के अलग-अलग जिलों के अलावा पंजाब से भी पहुंचे। कई लोग बुधवार रात को ही नगर निगम के कम्युनिटी सेंटरों में ठहर गए, जबकि बाकी सुबह प्राइवेट बसों के जरिए गुरुग्राम पहुंचे।

अभियान का थीम “हर मोहल्ला, हर गली, हर मकान – स्वच्छ हरियाणा की पहचान” रखा गया। इसका उद्देश्य केवल एक दिन की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को यह संदेश देना है कि स्वच्छता जीवनशैली का स्थायी हिस्सा बने। स्वयंसेवकों ने नगर निगम क्षेत्र के 36 वार्डों में 46 अलग-अलग स्थानों पर सफाई अभियान चलाया और लोगों से भी श्रमदान करने की अपील की।

गौरतलब है कि गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था पिछले कुछ समय से बिगड़ी हुई थी। प्राइवेट एजेंसियों की लापरवाही, संसाधनों की कमी और समय पर जिम्मेदारी न मिलने के कारण नगर निगम को लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि निगम के अधिकारी पिछले एक महीने से स्थिति सुधारने में जुटे हुए हैं, लेकिन अब भी जमीनी स्तर पर और प्रयास की जरूरत है।

आंकड़ों के अनुसार, गुरुग्राम के घरों से रोजाना 1200 टन कूड़ा निकलता है, जिसे बंधवाड़ी लैंडफिल भेजा जाता है। लेकिन निस्तारण कार्य लंबे समय से बंद पड़ा है, जिसके चलते वहां 13 लाख टन कूड़े का पहाड़ खड़ा हो गया है। यह अभियान ऐसे ही गंभीर मुद्दों को हल करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

अभियान की शुरुआत के मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुग्राम ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने जनता से अपील की कि सफाई सिर्फ अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे हर दिन की आदत बनाया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here