सत्य के साथ • आपके साथशुक्रवार, 27 नवंबर 2026
ADVERTISEMENTविज्ञापन के लिए संपर्क करेंCPN NEWS • YOUR BRAND HERE
ताज़ा खबर
Guru Nanak Dev Ji Prakash Purab: गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर डॉ. गुरमीत सिंह सूरा ने वृद्धजनों के बीच मनाया सेवा पर्वYamuna river cleaning: यमुना सफाई की दिशा में सरकार के प्रयास सराहनीय : दर्शन सिंहDelhi skill development center: युवाओं और महिलाओं को रोज़गार से जोड़ने के दिल्ली सरकार के प्रयास शानदार : प्रवेश शर्माPolice Company Fardeen Khan: राम गोपाल वर्मा की फिल्म से फरदीन खान का डार्क लुक हुआ लीकRewa Gurukul Hostel Death: रीवा के गुरुकुल छात्रावास में 13 साल के छात्र की मौत, कार्डियक अरेस्ट की आशंकाJamia Show Cause Notice: कैंपस में प्रदर्शन करने वाले 12 छात्रों को जामिया ने भेजा कारण बताओ नोटिसOm Kumar Election Cancelled: नहटौर से बीजेपी विधायक ओम कुमार का निर्वाचन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कियाTamil Nadu Paternity Leave: पुरुष सरकारी कर्मचारियों को पहली बार 15 दिन का पितृत्व अवकाश, सीएम विजय का फैसला

Pahalgam Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार का कड़ा फैसला, पाकिस्तान के खिलाफ 5 बड़े कदम

3 मिनट पढ़ें
Advertisement

Pahalgam Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार का कड़ा फैसला, पाकिस्तान के खिलाफ 5 बड़े कदम

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पांच बड़े फैसले लिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट सुरक्षा समिति (CCS) की आपात बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक ढाई घंटे तक चली और इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बैठक के बाद सरकार के फैसलों की जानकारी दी।

बैठक में बताया गया कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 25 भारतीय नागरिकों और एक नेपाली नागरिक की जान गई थी, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इस हमले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ पांच कड़े कदम उठाए हैं।

पहला बड़ा फैसला सिंधु जल संधि को लेकर हुआ। 1960 में हुई इस संधि को सरकार ने तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। जब तक पाकिस्तान सीमापार आतंकवाद का समर्थन बंद नहीं करता, तब तक यह संधि लागू नहीं रहेगी।

दूसरा निर्णय अटारी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट को लेकर लिया गया है। सरकार ने इसे तत्काल प्रभाव से बंद करने का फैसला किया है। जिन लोगों ने वैध अनुमति से भारत में प्रवेश किया है, उन्हें 1 मई से पहले इसी रास्ते से वापस लौटने का निर्देश दिया गया है।

Advertisement

तीसरा फैसला SAARC वीज़ा छूट योजना (SVES) को लेकर हुआ। सरकार ने SVES के तहत पाकिस्तानियों को भारत यात्रा की अनुमति देने से मना कर दिया है। पहले से जारी सभी SVES वीज़ा को रद्द कर दिया गया है और भारत में रह रहे ऐसे पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटों के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया गया है।

चौथा फैसला नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में कार्यरत रक्षा, नौसेना और वायुसेना सलाहकारों को लेकर हुआ। इन्हें “पर्सोना नॉन ग्राटा” घोषित करते हुए एक सप्ताह के भीतर भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है। साथ ही भारत ने इस्लामाबाद स्थित अपने उच्चायोग से भी सैन्य सलाहकारों को वापस बुलाने का फैसला लिया है। दोनों देशों के उच्चायोगों से सहायक कर्मचारियों सहित कुल पांच सेवा सलाहकारों को वापस बुलाया जाएगा।

पांचवां और अंतिम फैसला दोनों उच्चायोगों में कर्मचारियों की संख्या को सीमित करने को लेकर है। वर्तमान में दोनों उच्चायोगों में 55-55 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिसे घटाकर 30-30 किया जाएगा। यह प्रक्रिया 1 मई तक पूरी कर ली जाएगी।

सरकार के इन फैसलों से स्पष्ट है कि भारत अब पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा और हर स्तर पर जवाब देने के लिए तैयार है। पहलगाम हमले के बाद उठाए गए ये कदम न सिर्फ आतंकियों बल्कि उनके संरक्षकों के लिए भी सख्त संदेश हैं।

इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया?

आपकी राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *