नीतीश का I.N.D.I.A कन्वीनर बनने से इनकार:बोले- मैं कुछ बनना नहीं चाहता, बस सभी को एकजुट करना है
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने I.N.D.I.A गठबंधन का कन्वीनर बनने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा- मैं कुछ भी नहीं बनना चाहता, ये बात मैं आपको बार-बार कहता आया हूं। मेरी ऐसी कोई इच्छा नहीं है। मैं बस सभी को एकजुट करना चाहता हूं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ आज श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल पहुंचे थे।
विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A की तीसरी बैठक मुंबई में 31 अगस्त और 1 सितंबर को होगी। इस बैठक में गठबंधन के संयोजक की घोषणा होनी है। शुरुआत से ही इस बात की चर्चा है कि नीतीश कुमार को संयोजक बनाया जाएगा।
इस बीच, मुंबई में इंडिया गठबंधन की बैठक और नीतीश कुमार को इंडिया ब्लॉक का राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने के बारे में पूछे जाने पर बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा, सभी दल मिलकर काम कर रहे हैं और एजेंडे पर चर्चा होगी। पार्टियाँ शामिल हो सकती हैं और सभी जो भी निर्णय लेंगे वह सभी को स्वीकार्य होगा।
इस बीच रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए नीतीश कुमार ने गठबंधन के संभावित विस्तार का संकेत दिया था और कुछ और क्षेत्रीय दलों के गठबंधन में शामिल होने की उम्मीद है।



