राजस्थान सरकार की एक महिला इंजीनियर को 4 जनवरी को एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने और उनके पैर छूने की कोशिश करने के मामले में सस्पेंड कर दिया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने गृह मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद महिला इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया। विभाग के मुख्य इंजीनियर के आदेश में कहा गया है कि विभाग की कनिष्ठ इंजीनियर अंबा सियोल ने 4 जनवरी को रोहेत में स्काउट गाइड जंबोरी के उद्घाटन कार्यक्रम में राष्ट्रपति के पैर छूने की कोशिश कर प्रोटोकॉल को तोड़ा है, लिहाजा उन्हें राजस्थान लोक सेवा नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाता है।
मुख्य अभियंता प्रशासन राकेश लुहाड़िया ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 4 जनवरी को पाली के निम्बली ब्राह्मणान में गांव आयोजित 18वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी के उद्घाटन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी। इस दौरान कनिष्ठ अभियंता हेलीपैड पर मौजूद थी। इस दौरान कनिष्ठ अभियंता अम्बा सियोल ने हेलीपैड पर राष्ट्रपति के पैर छूने की कोशिश कर प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया। दरअसल, बीते 4 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय स्काउट एंड गाइड जंबूरी के उद्घाटन के लिए पाली पहुंची थी। इस दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की कनिष्ठ अभियंता अम्बा सियोल की ड्यूटी वहां लगी थी। ऐसे में जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हेलीपैड पर पहुंची तो महिला इंजीनियर राष्ट्रपति की सुरक्षा को तोड़कर स्वागत करने वाले लोगों के बीच जा पहुंची। इस दौरान उसने राष्ट्रपति के पैर छूने की कोशिश भी की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोक दिया था।



