पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर में बम बनाने के दौरान विस्फोट होने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक इस ब्लास्ट में जान गंवाने वाले तृणमूल वर्कर बताए जा रहे हैं। बम ब्लास्ट की घटना पूर्वी मिदनापुर के भगवानगोला के भूपतिनागर की है। बम ब्लास्ट में जिन 2 लोगों की मौत हुई है, उसमें से एक की पहचान स्थानीय तृणमूल बूथ सभापति राजकुमार मन्ना के तौर पर हुई है। जिस जगह ये ब्लास्ट हुआ, वहां से कुछ दूरी पर 3 दिसंबर TMC सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की रैली होनी है। मिली जानकारी के मुताबिक जांच के लिए एक फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची है। ब्लास्ट में कच्चे मकान की पूरी छत गिर गई. तस्वीरों में घर पूरी तरह जला हुआ दिख रहा है।
मरने वालों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, हालांकि ऐसा माना जा रहा है कि मरने वाले सभी लोग TMC कार्यकर्ता थे। ब्लास्ट किस वजह से हुआ यह भी पुलिस अब तक पता नहीं लगा पाई है। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि किसी ने घर पर बम फेंका हो। यह भी आशंका जताई जा रही है कि घर में ही रखे क्रूड बम के फटने के चलते यह ब्लास्ट हुआ है।
वहीं बीजेपी ने आरोप लगाया है कि बम बनाने के दौरान विस्फोट हुआ है। हालांकि पुलिस और स्थानीय टीएमसी नेता इस पूरे प्रकरण पर चुप्पी साधे हुए हैं। उधर आज ही पूर्व मिदनापुर के कांथी में सुवेंदु अधिकारी के घर के बेहद करीब अभिषेक बनर्जी की जनसभा है। इससे पहले पश्चिम बंगाल के डेगंगा में 6 नवंबर को TMC नेता के घर में बम धमाका हुआ था इस बम ब्लास्ट में दो लोग घायल हो गए थे। पुलिस के मुताबिक कुछ मजदूर स्थानीय टीएमसी नेता के निर्माणाधीन घर काम कर रहे थे। घर में कुछ बम सीढ़ियों के नीचे रखे थे।



