Home राजनीति राजस्थान सियासी घमासान पर सोनिया गांधी के आवास पर बैठक शुरू

राजस्थान सियासी घमासान पर सोनिया गांधी के आवास पर बैठक शुरू

0
183

राजस्थान में कांग्रेस की सियासी घमासान के बीच दिल्ली में सोनिया गांधी के आवास पर पार्टी नेता केसी वेणुगोपाल मिलने पहुंचे हैं, उन्हें भारत जोड़ो यात्रा से इस बैठक के लिए बुलाया गया है। माना जा रहा है कि यह मुलाकात राजस्थान के अंदर चल रही खींचतान को लेकर होगी। इसी बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के नेता अजय माकन को भी सोनिया गांधी ने अपने आवास पर बुलाया है। दोनों नेताओं को राजस्थान में आब्जर्वर के तौर पर भेजा गया था, जिसके बाद आज वह इस मुलाकात में राजस्थान को लेकर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। हालांकि जानकारी यह भी सामने आ रही है कि सोनिया गांधी आवास पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मुलाकात करने के लिए आ सकते हैं। इससे पहले राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी, लेकिन अजय माकन नें गहलोत से मुलाकात नहीं हुई। यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है, जब पार्टी आलाकमान गहलोत गुट से नाराज बताया जा रहा है। गहलोत से मुलाकात के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, कल जो भी हुआ उसके बारे में हमने पार्टी अध्यक्ष को बता दिया है। आखिर में जो भी फैसला लिया जाता है, उसका सभी को पालन करना होता है, पार्टी में अनुशासन होना चाहिए। कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार रात को मुख्यमंत्री आवास पर होनी थी, लेकिन गहलोत के वफादार कई विधायक बैठक में नहीं आए, उन्होंने संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल के बंगले पर बैठक की और फिर वहां से वे विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी से मिलने गए।

मुझे मंत्री पद से कोई नाराजगी नहीं-गुढ़ा

राजस्थान में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में जारी खींचतान के बाद प्रदेश प्रभारी अजय माकन के अनुशासनहीनता वाले बयान पर सैनिक कल्याण मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने गहलोत खेमे के विधायकों पर निशाना साधा है। गुढ़ा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जो लोग कांग्रेस के बिना गांव के सरपंच तक नहीं बन सकते, कांग्रेस ने जिनको मंत्री विधायक बनाया, सिंबल दिया आज वो सारे लोग आलाकमान को आंख दिखा रहे हैं। संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल और मुख्य सचेतक महेश जोशी गांधीवादी बातें करते थे। आज वही लोग अनुशासनहीनता कर रहे हैं। यह लोग वन टू वन मीटिंग से क्यों घबरा रहे हैं। यह लोग अपनी खाल के जूते बनाकर भी राहुल गांधी को पहना दे तो भी उनका कर्जा नहीं उतार सकते। पहले अशोक गहलोत के साथ और अब पायलट के साथ रहने के सवाल पर गुढ़ा ने कहा कि मैं कांग्रेस के साथ हूं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here