दिल्ली की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा द्वारा करीब आठ घंटे की पूछताछ के बाद ओखला से आप विधायक अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार किए जाने के बाद, उनके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एसीबी ने अमानतुल्ला खान के साथ अली के ठिकानों पर छापा मारा था। हामिद अली के घर से एक पिस्तौल, कुछ गोलियां और 12 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। पुलिस ने शुक्रवार को कहा था कि ACB की छापेमारी के बाद 3 FIR दर्ज की गई हैं जिनमें से एक मामला 54 वर्षीय अली के खिलाफ दर्ज किया गया है जो बिना लाइसेंस वाला हथियार और कुछ कारतूस बरामद होने के संबंध में दर्ज किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरा मामला शस्त्र अधिनियम के तहत जोगाबाई एक्सटेंशन निवासी कौशर इमाम सिद्दीकी के खिलाफ दर्ज किया गया है। एजेंसी ने आरोप लगाया कि ACB की टीम जैसे ही खान को गिरफ्तार करने के लिए उनके आवास पर पहुंची, उनके रिश्तेदारों और परिचितों ने उन पर हमला कर दिया। तीसरा मामला ACB अधिकारियों के कामकाज में बाधा डालने से संबंधित है। पुलिस ने कहा कि इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। इस बीच दिल्ली में आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि विधायक अमानतुल्लाह खान के घर से एसीबी को कुछ नहीं मिला है। ऐसे में अब तरह-तरह का झूठ फैलाया जा रहा है। केंद्र की भाजपा सरकार की तरफ से सभी जांच एजेंसियां बैटिंग कर रही हैं। आम आदमी पार्टी की गुजरात में बढ़ती लोकप्रियता से डर कर भाजपा ऐसे काम कर रही है।





