गुजरात के अहमदाबाद में आज एक बड़ा हादसा हुआ। जहां गुजरात विश्वविद्यालय के पास एस्पायर-2 नाम की निर्माणाधीन बिल्डिंग की लिफ्ट टूटने से 7 मजदूरों की मौत हो गई है। जबकि इस हादसे में दो लोग गंभीर रुप से घायल भी हुए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में एक इमारत में लिफ्ट गिरने की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मिली जानकरी के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ, जब बिल्डिंग के निर्माण का कार्य चल रहा था। आपको बता दें कि घटना में घायल मजदूरों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन और अहमदाबाद फायर बिग्रेड के कर्मी पहुंच गए हैं, राहत और बचाव कार्य का काम भी लगातार जारी है। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हमें हादसे की सूचना नहीं दी गई, हमें खबर के जरिए ही पता चला। फिलहाल आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा समेत अन्य सुविधाओं की जांच कर रहे हैं। गौरतलब है कि जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त यह मजदूर लिफ्ट के अंदर ही मौजूद थे। बताया गया है कि लिफ्ट का केबल टूट गया था, जिसके बाद सभी सातवीं मंजिल से नीचे गिर गए और इनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मरने वाले मजदूरों के नाम भी सामने आ गए हैं। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान संजयभाई बाबूभाई नायक (20 साल), जगदीशभाई रमेशभाई नायक (21 साल), अश्विनभाई सोमभाई नायक (20 साल), मुकेश भरतभाई नायक (25 साल), राजमल सुरेशभाई खराडी (25 साल), पंकजभाई शंकरभाई खराडी (21 साल) के रूप में हुई है। ये सभी गुजरात के ही रहने वाले है। गुजरात विवि के पास बन रहे एस्पायर-2 नामक बिल्डिंग में काम किया करते थे।



