Flyover Beautification : पीपी मॉडल के तहत फ्लाईओवर के नीचे के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण सरकार की सराहनीय योजना : दीपक गाबा
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली सरकार ने फ्लाईओवरों के नीचे और प्रमुख सड़कों के किनारे स्थित उपेक्षित क्षेत्रों को संवारने के लिए नई पहल शुरू की है। इसे लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने दो निजी कंपनियों के साथ समझौता किया है। इसी विषय पर बात करते हुए भाजपा शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा ने बताया कि इस योजना के तहत सार्वजनिक निजी भागीदारी यानी पीपीपी मॉडल से इन स्थानों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित बनाने की योजना है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में डिक्सन टेक्नोलॉजीज और वृक्षित फाउंडेशन की पहल से दीपाली से मंगोलपुरी मार्केट तक फ्लाईओवर के नीचे करीब ढाई किलोमीटर लंबे क्षेत्र का विकास किया जाएगा। श्री गाबा ने बताया कि क्षेत्र में फेंसिंग करने के साथ स्थानीय प्रजातियों के पेड़ पौधे, घास, झाड़ियां और फूलदार पौधे लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर के 61 पिलर्स पर करीब 5100 वर्ग मीटर क्षेत्र में पर्यावरण और स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े म्यूरल और कलाकृतियां भी बनाई जाएंगी। श्री गाबा ने बताया कि इसके अलावा कनोडिया ग्रुप की सीएसआर पहल के तहत मथुरा रोड और एमपी मार्ग के आसपास करीब दो एकड़ ग्रीन बेल्ट को विकसित करने की योजना भी है। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में कचरा डंपिंग, अतिक्रमण और अव्यवस्थित उपयोग के कारण हरियाली और सुंदरता प्रभावित हो रही है। श्री गाबा ने बताया कि प्रस्ताव के अनुसार यहां लैंडस्केपिंग, पौधारोपण, पैदल मार्ग और लाइट व्यवस्था विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर के नीचे बहुत गंदगी रहती है जिस कारण काफी बदबू आती है ऐसे में दिल्ली सरकार की यह पहल बहुत ही प्रशंसनीय है। श्री गाबा ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सरकार के साथ निजी क्षेत्र और आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल नई सड़कें और इमारतें बनाना ही विकास नहीं है बल्कि मौजूदा सार्वजनिक स्थानों का बेहतर उपयोग भी जरूरी है।



