जल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम, ट्रिपल इंजन सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम : प्रवीण निमेष
नई दिल्ली ( रविंद्र कुमार ) : दिल्ली में बारिश के पानी को संरक्षित कर भूजल स्तर को मजबूत करने के लिए मास्टर प्लान-2047 में प्रस्तावित प्रावधानों का वरिष्ठ भाजपा नेता एवं गोकुलपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे प्रवीण निमेष ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे ट्रिपल इंजन सरकार की दूरदर्शी सोच बताते हुए कहा कि दिल्ली की मौजूदा जरूरतों के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों की जल आवश्यकता को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार करना बेहद जरूरी है। वर्षा जल को बर्बाद होने से रोककर जमीन में पहुंचाने की व्यवस्था जल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। प्रवीण निमेष ने कहा कि दिल्ली में बारिश के दौरान बड़ी मात्रा में पानी सड़कों और नालियों के माध्यम से बह जाता है, जबकि दूसरी ओर गर्मियों के मौसम में कई इलाकों में पानी की कमी का सामना करना पड़ता है। यह विरोधाभास बताता है कि वर्षा जल के संरक्षण और उसके सही इस्तेमाल पर पहले से अधिक गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान में छतों से वर्षा जल संचयन, पार्कों और झीलों में पानी के संरक्षण, कृत्रिम भूजल पुनर्भरण तथा यमुना के बाढ़ क्षेत्र को भी पुनर्भरण व्यवस्था से जोड़ने जैसे प्रावधान भविष्य के लिए उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक दिल्ली की सत्ता में रही पिछली सरकारों ने जल संकट की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसका कोई स्थायी समाधान तैयार नहीं किया। पानी की बढ़ती मांग और गिरते भूजल स्तर के बावजूद वर्षा जल संरक्षण तथा भूजल पुनर्भरण को उस स्तर की प्राथमिकता नहीं दी गई, जिसकी जरूरत थी। आज दिल्ली के सामने जो जल संकट दिखाई दे रहा है, उसके पीछे वर्षों की लापरवाही भी एक बड़ा कारण है। प्रवीण निमेष ने कहा कि वर्तमान सरकार को केवल तत्काल समस्याओं का समाधान करने के बजाय दिल्ली के अगले 20-25 वर्षों को ध्यान में रखकर बुनियादी ढांचे को मजबूत करना होगा। जल संरक्षण की योजनाओं के साथ पुराने तालाबों, झीलों और प्राकृतिक जल स्रोतों का पुनर्जीवन, नालों का बेहतर प्रबंधन और वर्षा जल संचयन को अनिवार्य रूप से बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू किया गया और जनता को भी इसमें भागीदार बनाया गया तो दिल्ली को भविष्य में बार-बार पैदा होने वाले जल संकट से बड़ी राहत मिल सकती है।प्रवीण निमेष ने कहा कि पानी की एक-एक बूंद की कीमत समझते हुए आज किए गए प्रयास ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल भविष्य की नींव रखेंगे। ट्रिपल इंजन सरकार की यही दूरदर्शी नीति दिल्ली को जल के मामले में अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे ले जा सकती है।



