Delhi Master Plan 2047 मास्टर प्लान-2047 से बदलेगी शाहदरा सहित दिल्ली के विकास की तस्वीर : दीपक गाबा
नई दिल्ली, (रविंद्र कुमार):पुनर्विकास, बेहतर कनेक्टिविटी, आवास और सार्वजनिक परिवहन को गति, भविष्य की आबादी को ध्यान में रखकर तैयार हुआ मास्टर प्लान-2047 को दिल्ली के भविष्य के लिए दूरदर्शी और व्यापक योजना बताते हुए भाजपा शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा ने इसका स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि राजधानी की तेजी से बढ़ती आबादी, यातायात, आवास और बुनियादी सुविधाओं की जरूरतों को देखते हुए लंबे समय के लिए तैयार किया गया यह मास्टर प्लान दिल्ली के विकास को नई दिशा देने वाला है। दीपक गाबा ने कहा कि दिल्ली अब केवल पुराने ढांचे के सहारे आगे नहीं बढ़ सकती। आने वाले वर्षों में राजधानी में आवास, परिवहन, रोजगार और नागरिक सुविधाओं की मांग तेजी से बढ़ेगी। ऐसे में 2047 तक की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया मास्टर प्लान दिल्ली को आधुनिक और व्यवस्थित महानगर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि करीब 40 लाख नए आवासीय इकाइयों की जरूरत को पूरा करने की योजना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इसके साथ पुराने क्षेत्रों के पुनर्विकास और अधिक बेहतर भूमि उपयोग से उन इलाकों में भी विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी, जहां लंबे समय से बुनियादी ढांचा पुराने स्वरूप में है। भाजपा शाहदरा जिला अध्यक्ष ने कहा कि बेहतर सार्वजनिक परिवहन और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी का विस्तार शाहदरा और पूर्वी दिल्ली के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगा। इस क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दिल्ली के विभिन्न हिस्सों और आसपास के राज्यों में आवागमन करते हैं। उन्होंने कहा कि मेट्रो नेटवर्क को 695 किलोमीटर तक विस्तार देने का लक्ष्य परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से लोगों का समय बचेगा, रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी और यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। दीपक गाबा ने कहा कि दिल्ली में कई पुराने आवासीय क्षेत्र और DDA कॉलोनियां आज अपनी क्षमता के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पा रही हैं। ऐसे क्षेत्रों के योजनाबद्ध पुनर्विकास से न केवल नए आवास तैयार होंगे, बल्कि सड़क, पार्किंग, हरित क्षेत्र और अन्य नागरिक सुविधाओं में भी सुधार किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों और झुग्गी बस्तियों से जुड़े प्रावधान भी लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित करेंगे। सरकार को पुनर्विकास के दौरान यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आम नागरिकों को बेहतर आवास और मूलभूत सुविधाएं मिलें तथा उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। दीपक गाबा ने कहा कि दिल्ली का विकास पर्यावरण की कीमत पर नहीं होना चाहिए। यमुना पुनर्जीवन, हरित क्षेत्र और पर्यावरण संरक्षण को मास्टर प्लान में महत्व दिया जाना सकारात्मक पहल है।



