
दिल्ली सरकार ने जल उपभोक्ताओं को दी बड़ी राहत : दीपक गाबा
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने जल उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने घरेलू और गैर घरेलू दोनों उपभोक्ताओं के बकाया पानी बिलों पर 100 प्रतिशत विलंब शुल्क (एलपीएससी) की छूट 31 मार्च 2027 तक बढ़ा दी है। इसी विषय पर बात करते हुए भाजपा शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा ने कहा कि इस योजना से दिल्ली जल बोर्ड को वास्तविक बकाया राशि वसूलने में मदद मिल रही है और साथ ही नागरिकों को भी राहत मिल रही है। उन्होंने बताया कि यह विस्तार ऐसे समय में किया गया है जब इस योजना से दिल्ली भर के उपभोक्ताओं को पहले ही काफी राहत मिल चुकी है। श्री गाबा ने बताया कि अभी तक, घरेलू और गैर घरेलू दोनों उपभोक्ताओं सहित 5.27 लाख उपभोक्ताओं को इस छूट योजना का लाभ मिल चुका है। उन्होंने बताया कि यह राहत उपभोक्ताओं के लिए काफी महत्वपूर्ण रही है जिसके तहत 3,261 करोड़ रुपए की एलपीएससी माफ की जा चुकी है जिससे बकाया पानी के बिलों का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को महत्वपूर्ण वित्तीय राहत मिली है। श्री गाबा ने बताया कि इस योजना में 14.09 लाख घरेलू और 70,312 वाणिज्यिक उपभोक्ता शामिल हैं जिससे दिल्ली की बड़ी संख्या में निवासियों और प्रतिष्ठानों को अपने पुराने बकाया पानी के बिलों का भुगतान करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए अब 31 मार्च 2027 तक का समय मिलेगा। श्री गाबा ने बताया कि डीजेबी ने अपने सभी फील्ड कार्यालयों को योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करने और उपभोक्ताओं को मूल बकाया जमा करने पर उपलब्ध एलपीएससी माफी की जानकारी देने के निर्देश भी दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि मैं हर उस उपभोक्ता से अपील करता हूं जिनका पानी का पुराना बिल बकाया है कि वह दिल्ली सरकार के द्वारा दिए गए इस अवसर का लाभ ले, मूल राशि जमा करे और एलपीएससी से पूरी तरह से राहत पाए।





