Tiranga Yatra: सद्भावना तिरंगा यात्रा को सफल बनाने का आग्रह किया संजीव शर्मा ने
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के आह्वान पर और उत्तर पूर्वी बाबरपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार जैन के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बाबरपुर जिले में निकाली जा रही सद्भावना तिरंगा यात्रा को सफल बनाने का आग्रह किया दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव एवं डेलीगेट व रोहताश नगर विधानसभा प्रभारी संजीव शर्मा ने। उन्होंने बताया कि सद्भावना तिरंगा यात्रा गगन सिनेमा गोल चक्कर सीमापुरी से प्रातः 9 बजे शुरू होगी और घोंडा चौक पर संपूर्ण होगी जहां ध्वजारोहण किया जाएगा। श्री शर्मा ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य जनता में प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द के संदेश को आगे बढ़ाना है जिसमें देवेंद्र यादव समेत पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ पैदल चलेंगे। उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्ष राजकुमार जैन ने सद्भावना तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन हेतु सभी जमीनी तैयारियां पूरी कर ली है और तैयारियों को पूर्णता रूप देते हुए राजकुमार जैन ने जिले की विशेष बैठक बुलाई जिसमें लोकसभा प्रभारी, जिला प्रभारी, समस्त जिला कार्यकारिणी, जिले के वरिष्ठ नेता व सभी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया जिसमें सद्भावना तिरंगा यात्रा से जुड़ी विस्तृत जानकारी सभी के साथ साझा की गई व यात्रा को सफल बनाने हेतु सभी के सुझाव भी सुने गए। श्री शर्मा ने कहा कि जिस तरह से अभी तक बाबरपुर जिले के द्वारा आयोजित हर कार्यक्रम में जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया है और हर कार्यक्रम को ना सिर्फ सफल बनाया है बल्कि जिले की एकता का परिचय भी दिया है, मैं सभी से निवेदन करता हूं कि इसी तरह सद्भावना तिरंगा यात्रा में भी पूरे जोरों शोरों से भाग ले और इस यात्रा को सफल बनाए।



