वजीराबाद परियोजना के पास होने से जल आपूर्ति सुनिश्चित होगी : दीपक गाबा
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली में 24 घंटे पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए सरकार की जोनिंग योजना के तहत वजीराबाद वॉटर कमांड एरिया प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार के आर्थिक मामलों के विभाग (डीईए) से वित्तीय मंजूरी मिल गई है। करीब 2,574 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के तहत 10 विधानसभा क्षेत्रों में नई पाइप लाइन डालने समेत पानी सप्लाई नेटवर्क को बेहतर बनाने के कई काम किए जाएंगे। इसी विषय पर बात करते हुए भाजपा शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य यह है कि जितना पानी तैयार हो, उसका अधिक से अधिक हिस्सा लोगों तक पहुंचे और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से लेकर घर तक पूरे नेटवर्क को मजबूत किया जाए ताकि दिल्ली को एक ऐसी जल व्यवस्था मिले जो कुशल, जवाबदेह और भरोसेमंद हो। उन्होंने बताया कि इससे उत्तरी और उत्तर पश्चिमी दिल्ली के बुराड़ी, मॉडल टाउन, संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर, जहांगीरपुरी, पंजाबी बाग, शकूरबस्ती, पीरागढ़ी, अवंतिका पीतमपुरा व इसके आसपास के क्षेत्रों में जल आपूर्ति की समस्या दूर होगी। श्री गाबा ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जाइका) की मदद से चंद्रावल जल उपचार संयंत्र के कमांड एरिया में जल आपूर्ति प्रणाली में सुधार को पहले ही स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य जल आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक बनाना, उसकी दक्षता बढ़ाना और दिल्लीवासियों को अधिक विश्वसनीय जल आपूर्ति सुनिश्चित करना है। श्री गाबा ने बताया कि इस परियोजना के लिए सलाहकार की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत पुरानी, क्षतिग्रस्त और कम क्षमता वाली पाइपलाइन को बदला जाएगा, आवश्यकता के अनुसार नई लाइन बिछाई जाएगी, मौजूदा जल नेटवर्क को आपस में बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा जिससे पानी का दबाव, वितरण और आपूर्ति की विश्वसनीयता बेहतर हो सके, घरों तक पानी पहुंचाने के लिए सभी कनेक्शनों को व्यवस्थित और नियमित किया जाएगा।



