Home आमने सामने महिलाओं से किया वादा पूरा करने जा रही है दिल्ली सरकार :...

महिलाओं से किया वादा पूरा करने जा रही है दिल्ली सरकार : दीपक गाबा

0
8
दीपक गाबा

महिलाओं से किया वादा पूरा करने जा रही है दिल्ली सरकार : दीपक गाबा

नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने वाली अपनी महत्वाकांक्षी महिला समृद्धि योजना का आधिकारिक नाम बदलकर दिल्ली लक्ष्मी योजना कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में योजना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे रक्षाबंधन के आसपास शुरू करने का लक्ष्य तय किया है। इसी विषय पर बात करते हुए भाजपा शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा ने जनता से जो वादा किया था उसे पूरा करने की तरफ दिल्ली सरकार ने कार्य करना शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य निम्न और निम्न मध्यम आय वर्ग की महिलाओं को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी वित्तीय स्थिति को मजबूत करना है और इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए इस योजना के लिए दिल्ली सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के बजट में 5110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। श्री गाबा ने बताया कि योजना के तहत कुछ श्रेणियों को लाभ से बाहर रखा गया है जैसे सरकारी नौकरी करने वाले परिवार, आयकरदाता, सरकारी पेंशन प्राप्त करने वाले परिवार तथा चार पहिया वाहन (कार) रखने वाले परिवार इस योजना के पात्र नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का मानना है कि इससे सहायता वास्तव में जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगी और संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा। श्री गाबा ने बताया कि महिला समृद्धि योजना भाजपा के 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव घोषणा पत्र की सबसे प्रमुख गारंटियों में शामिल थी और पार्टी ने सरकार बनने पर आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की वित्तीय सहायता देने का वादा किया था जिसे पूरा करने की तरफ दिल्ली सरकार ने कार्य करना भी शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली लक्ष्मी योजना का लाभ 21 से 60 साल तक की महिलाओं को ही मिलेगा व इसके अलावा महिला का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए। श्री गाबा ने बताया कि साथ ही महिला और उसका परिवार कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली में रह रहा हो। उन्होंने कहा कि दिल्ली की महिलाएं लंबे समय से इस योजना के शुरू होने का इंतजार कर रही थी और अब उनका इंतजार खत्म हो रहा है और पूरी उम्मीद है कि 28 अगस्त यानी रक्षा बंधन के मौके पर इस योजना को शुरू किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here