Sonouli Border Arrest: बिना वैध दस्तावेज भारत पहुंचा अमेरिकी नागरिक, नेपाल में घुसने की कोशिश के दौरान UP बॉर्डर पर गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर पर एक अमेरिकी नागरिक को बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार आरोपी बिना कानूनी अनुमति के नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। जांच में उसकी पहचान अमेरिका के कैलिफोर्निया निवासी जॉर्डन ब्राउन के रूप में हुई है। उसके पास भारत में रहने या सीमा पार करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिसके बाद उसके खिलाफ इमिग्रेशन और फॉरेनर्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में जॉर्डन ब्राउन ने दावा किया कि थाईलैंड यात्रा के दौरान उसका पासपोर्ट खो गया था। इसके बाद वह श्रीलंका पहुंचा और नवंबर 2025 में समुद्र के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ। उसने बताया कि भारत आने के बाद वह गोवा में रह रहा था और हाल ही में सोनौली बॉर्डर पहुंचकर नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था।
सुरक्षा बलों ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर उसे रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके पास कोई पासपोर्ट, वीजा या अन्य वैध यात्रा दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब उसके दावों की सत्यता की जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह भारत में अवैध रूप से कैसे पहुंचा और क्या उसके पीछे किसी नेटवर्क की भूमिका है। उसके मोबाइल फोन, संपर्कों और यात्रा से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा संवेदनशील क्षेत्र है और बिना वैध दस्तावेज किसी विदेशी नागरिक का पकड़ा जाना गंभीर मामला है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



