दिल्ली की जनता को स्वच्छ हवा देना व दिल्ली में हरित क्षेत्र को बढ़ाना है दिल्ली सरकार का लक्ष्य : डॉ यूके चौधरी
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि विकास एवं पर्यावरण एक दूसरे के पूरक हैं। राजधानी में स्वच्छ परिवहन, व्यापक हरित क्षेत्र, आधुनिक आधारभूत संरचना और वैज्ञानिक पर्यावरण प्रबंधन को समान प्राथमिकता दी जा रही है। दिल्ली सरकार ने इस वर्ष के बजट में भी 22,236 करोड़ रुपये के ग्रीन बजट का प्रावधान कर पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, वन विकास एवं हरित अवसंरचना को पूरी तवज्जो दी है। इस विषय पर बात करते हुए भाजपा उत्तर पूर्वी जिला अध्यक्ष डॉ यू के चौधरी ने कहा कि दिल्ली सरकार हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण को अच्छा बनाने के लिए पूरी तरह से प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार के द्वारा राजधानी में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का विस्तार, रिज क्षेत्रों का संरक्षण, देशी प्रजातियों का वैज्ञानिक रोपण, वायु गुणवत्ता में सुधार, कचरा प्रबंधन और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को व्यापक स्तर पर बढ़ावा दिया जा रहा है। श्री चौधरी ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल आज की ही आवश्यकताओं को पूरा करना नहीं है बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक ऐसी राजधानी का निर्माण करना है, जहां स्वच्छ हवा, हरित क्षेत्र, सुरक्षित परिवहन, आधुनिक नागरिक सुविधाएं और लगातार विकास एक साथ आगे बढ़ें। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए मिशन 70 लाख पौधारोपण अभियान का लक्ष्य निर्धारित किया है और यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण, निगरानी और उसके वृक्ष बनने तक की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। श्री चौधरी ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से राजधानी में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाया जाएगा जिसमें स्कूल, कालेज, विश्वविद्यालय, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), स्वयंसेवी संगठन, धार्मिक संस्थाएं, औद्योगिक प्रतिष्ठान, सरकारी विभाग, सुरक्षा बल और आम नागरिक भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।



