Home देश दुनिया Shopian Encounter: शोपियां में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, लश्कर कमांडर जाकिर गनी...

Shopian Encounter: शोपियां में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, लश्कर कमांडर जाकिर गनी ढेर

0
20

Shopian Encounter: शोपियां में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, लश्कर कमांडर जाकिर गनी ढेर

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के स्वयंभू कमांडर जाकिर अहमद गनी को मार गिराया। यह कार्रवाई दक्षिण कश्मीर के मीमांदर इलाके में कई दिनों से चल रहे संयुक्त ऑपरेशन के दौरान की गई। सुरक्षाबलों ने 3 जुलाई से पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चला रखा था।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान में लश्कर के एक सक्रिय आतंकी को मार गिराया गया। पुलिस ने कहा कि आतंकियों को किसी भी कीमत पर बचने नहीं दिया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मारा गया आतंकी 26 वर्षीय जाकिर अहमद गनी कुलगाम जिले के मोटलहामा गांव का रहने वाला था। वह 27 सितंबर 2023 को काम की तलाश में घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उसके परिवार ने 3 अक्टूबर 2023 को कुलगाम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

जांच के दौरान सामने आया कि जाकिर गनी बाद में लश्कर-ए-तैयबा की सहयोगी इकाई ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) में शामिल हो गया था। उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की विभिन्न धाराओं के तहत कई मामले दर्ज थे और सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं।

अधिकारियों ने बताया कि 3 जुलाई को सीसीटीवी फुटेज में मीमांदर क्षेत्र के एक घने बाग में दो आतंकियों की गतिविधियां दिखाई देने के बाद पुलिस, सेना की 55 आरआर और 44 आरआर तथा सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया। पिछले पांच दिनों तक रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी रही।

सेना की विक्टर फोर्स ने आतंकियों के फरार होने के सभी संभावित रास्तों को सील कर दिया। इलाके में अतिरिक्त जवान तैनात किए गए और रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी की गई, जिससे आतंकियों को भागने का मौका न मिल सके।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार मुठभेड़ में दूसरे आतंकी की पहचान लतीफ के रूप में हुई है, जो पिछले वर्ष आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। उसके संबंध में भी सुरक्षा बलों की कार्रवाई जारी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here