लोगों को आत्मनिर्भर होने का पाठ पढ़ाने वाली भाजपा आज खुद दूसरों पर निर्भर हो रही है : महेंद्र भास्कर
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली सरकार ने राजधानी की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए दो महत्वाकांक्षी योजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में कैबिनेट ने दिल्ली मुख्यमंत्री स्मारक अभिग्रहण योजना और दिल्ली मुख्यमंत्री विरासत नवोत्थान योजना को स्वीकृति दी है। दिल्ली मुख्यमंत्री स्मारक अभिग्रहण योजना के तहत दिल्ली सरकार के पुरातत्व विभाग के संरक्षण में मौजूद 75 ऐतिहासिक स्मारकों को सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू), निजी कंपनियों, पंजीकृत एनजीओ, ट्रस्ट और अन्य संस्थाओं द्वारा पांच वर्ष के लिए गोद लिया जा सकेगा वही दिल्ली मुख्यमंत्री विरासत नवोत्थान योजना के तहत स्मारकों के मूल संरक्षण, जीर्णोद्धार और तकनीकी संरक्षण कार्यों के लिए पात्र संस्थाओं को अधिकतम 2 करोड़ रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। दिल्ली सरकार की इन योजनाओं पर बात करते हुए करोल बाग जिला कांग्रेस के अध्यक्ष महेंद्र भास्कर ने कहा कि जो भाजपा अभी तक दूसरों को आत्मनिर्भर होने का पाठ पढ़ाती थी आज वही भाजपा अपनी योजनाओं के माध्यम से दूसरों पर निर्भर हो रही है, अपनी जिम्मेदारी दूसरों पर डाल रही है। उन्होंने कहा कि स्मारक की देख रेख करना, उनका रखरखाव करना दिल्ली सरकार की जिम्मेदारी है, यह दिल्ली सरकार का काम है किसी अन्य संस्था या व्यक्ति का नहीं। श्री भास्कर ने कहा कि दिल्ली सरकार की इन योजनाओं का कोई लाभ नहीं है, इससे जनता को कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इन दोनों ही योजनाओं से यह बात जरूर साबित हो गई है कि दिल्ली सरकार खुद कुछ काम नहीं करना चाहती, खुद दिल्ली सरकार किसी कार्य को करने के लिए तैयार नहीं है बस एक नई योजना के नाम पर दिल्ली सरकार अपनी जिम्मेदारी दूसरों पर डाल रही है।



