
Delhi skill development center: आधुनिक कौशल विकास केंद्र खोलेगा युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते : प्रवीण निमेष
नई दिल्ली, (रविंद्र कुमार): राजधानी दिल्ली में युवाओं को रोजगार से जोड़ने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। शालीमार बाग में लगभग आठ एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की योजना से युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण के नए अवसर मिलेंगे। इस केंद्र में आधुनिक सुविधाओं के साथ ऐसे पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जो युवाओं को वर्तमान समय की औद्योगिक और रोजगार संबंधी जरूरतों के अनुरूप दक्ष बनाने में सहायक होंगे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में प्रस्तावित इस परियोजना का उद्देश्य युवाओं को केवल प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के योग्य बनाना भी है। केंद्र में स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, प्रशिक्षण केंद्र, लाइब्रेरी, लर्निंग रिसोर्स सेंटर, मल्टीपर्पज ऑडिटोरियम और प्लेसमेंट से संबंधित सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां फैशन एवं टेक्सटाइल, सिलाई-एम्ब्रॉयडरी, ब्यूटी-वेलनेस, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण की व्यवस्था प्रस्तावित है। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का स्वागत करते हुए गोकुलपुर विधानसभा से भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रवीण निमेष ने कहा कि शालीमार बाग में अत्याधुनिक कौशल विकास केंद्र स्थापित करने का निर्णय युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है। इससे दिल्ली के युवाओं को आधुनिक तकनीक और व्यावसायिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। आज के समय में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोजगार पाने के लिए व्यावहारिक कौशल और तकनीकी दक्षता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र से विशेष रूप से उन युवाओं को फायदा होगा, जो आर्थिक परिस्थितियों के कारण महंगे प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिला नहीं ले पाते। महिलाओं के लिए भी यह योजना आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार शुरू करने के नए रास्ते खोलेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार द्वारा युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयास निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम देंगे। इस योजना के तहत 12वीं पास युवाओं को आईटीआई की तर्ज पर रोजगारपरक तकनीकी पाठ्यक्रमों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं महिलाओं के लिए भी उनकी रुचि और पारिवारिक परिस्थितियों के अनुकूल प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रशिक्षण के साथ लचीली समय-सारिणी तथा सप्ताहांत बैच की सुविधा से उन महिलाओं को भी लाभ मिल सकेगा, जो घरेलू जिम्मेदारियों के चलते नियमित प्रशिक्षण नहीं ले पाती हैं। परियोजना के अंतर्गत लगभग 250 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम, 14 अत्याधुनिक लैब एवं प्रशिक्षण केंद्र तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इसके अलावा परिसर के समीप लगभग दो एकड़ क्षेत्र में हॉर्टिकल्चर प्रशिक्षण मैदान तैयार किया जाएगा, जहां पौधों की देखभाल और बागवानी से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा सकेगा। केंद्र का निर्माण दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) द्वारा कराया जाएगा।






आपकी राय