
Ward Committee Meeting Delhi: वार्ड कमेटी की बैठक में गूंजे कर्दमपुरी वार्ड के जनहित के मुद्दे : मुकेश बंसल
नई दिल्ली ( स्पर्श भारद्वाज ) : कर्दम पुरी वार्ड के निगम पार्षद मुकेश बंसल ने 20 नवंबर को आयोजित वार्ड कमेटी की बैठक में क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बाबरपुर गांव में चल रही अवैध फैक्ट्रियों, अवैध डेयरियों और फुटपाथों पर हो रहे अवैध कब्जों का मुद्दा उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से जल्द कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने कबीर नगर श्मशान घाट के आसपास अवैध पार्किंग की समस्या को भी जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने बताया कि श्मशान घाट के आसपास बेतरतीब और अवैध पार्किंग के कारण अंतिम संस्कार में शामिल होने आने वाले लोगों तथा सनातनी समाज के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। श्मशान घाट जैसे संवेदनशील स्थल के आसपास रास्ते बाधामुक्त होने चाहिए, ताकि लोगों को अंतिम संस्कार के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुकेश बंसल ने बैठक में स्पष्ट रूप से मांग रखी कि इन सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए तथा अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो। बैठक में वार्ड कमेटी के चेयरमैन एवं डीसी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। मुकेश बंसल ने क्षेत्र की जनसमस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखकर उनके समाधान की मांग की है। अब स्थानीय लोगों को संबंधित विभागों की कार्रवाई का इंतजार है।






आपकी राय