
Parth Gupta Death: रोहिणी में 13वीं मंजिल से कूदकर लॉ छात्र ने दी जान, मेड हत्याकांड में जेल में बंद हैं डॉक्टर पिता मनीष गुप्ता
दिल्ली के रोहिणी इलाके में गुरुवार दोपहर एक दुखद घटना सामने आई। सेक्टर-32 में बन रही एक ऊंची इमारत के पास एक युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। बाद में उसकी पहचान 19 साल के पार्थ गुप्ता के रूप में हुई, जो लॉ के पहले साल का विद्यार्थी था।
सूचना मिलने पर बेगमपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को पास के अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत करार दे दिया।
शुरुआत में युवक की शिनाख्त मुश्किल थी, क्योंकि उसके पास न कोई पहचान पत्र था और न ही कोई कागजात। स्थानीय लोगों से बातचीत में मालूम हुआ कि उसने निर्माणाधीन इमारत की 13वीं मंजिल से नीचे छलांग लगाई थी। पुलिस को घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी, जिसके सहारे टीम सेक्टर-32 के एक मकान तक पहुंची। यह घर युवक की नानी का था और यहीं उसकी पहचान पार्थ के तौर पर हुई। घरवालों ने जानकारी दी कि वह एक दोस्त से मिलने जाने की बात कहकर निकला था और मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया था।

पड़ताल में यह भी पता चला कि पार्थ के माता और पिता दोनों स्किन स्पेशलिस्ट हैं। मां अमर कॉलोनी के माउंट कैलाश क्षेत्र में रहती हैं। पिता डॉक्टर मनीष गुप्ता को जून में अमर कॉलोनी में घरेलू सहायिका मीना हलधर की हत्या के आरोप में पकड़ा गया था और वे इस समय जेल में बंद हैं।
परिवार के लोगों का कहना है कि पार्थ बीते कुछ दिनों से नानी के यहां ठहरा हुआ था। पिता के जेल जाने के बाद से वह अवसाद में रहने लगा था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिया।
रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने घटना की पुष्टि की। उनके अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर कोण से छानबीन कर रही है।





आपकी राय