Greater Noida Fire Incident: ला रेजिडेंशिया सोसायटी की 12वीं मंजिल पर भीषण आग, फ्लैट जलकर खाक
ग्रेटर नोएडा वेस्ट: बिसरख थाना क्षेत्र स्थित La Residentia Society में देर रात एक हाईराइज टावर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। टावर-21 की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी इस आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार फ्लैट नंबर 1202 में रहने वाले धीरेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ मौजूद थे, तभी देर रात करीब एक बजे पड़ोसियों ने उन्हें आग लगने की सूचना दी। बालकनी की ओर से उठती लपटें देखकर परिवार तुरंत बाहर निकल गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही सोसायटी की मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग बुझाने के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं थे। हालात बिगड़ते देख तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग इतनी भीषण थी कि फ्लैट के अंदर रखा सारा सामान—बेड, सोफा, फ्रिज, एसी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य घरेलू वस्तुएं—पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि वायरिंग में स्पार्क के बाद आग एसी के कंप्रेसर तक पहुंची, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
हालांकि परिवार का कहना है कि उस समय एसी चालू नहीं था, जिससे कारणों को लेकर अभी भी स्पष्टता नहीं है। जिला अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि रात करीब 12:45 बजे सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
यह घटना एक बार फिर हाईराइज सोसायटियों में फायर सेफ्टी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शुरुआती समय में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण बड़ा नुकसान हो सकता था। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



