Home देश दुनिया Delhi-Meerut Expressway Accident: ट्रैवलर बस ने खड़ी थार को मारी टक्कर, 3...

Delhi-Meerut Expressway Accident: ट्रैवलर बस ने खड़ी थार को मारी टक्कर, 3 की मौत, 7 घायल

0
27

Delhi-Meerut Expressway Accident: ट्रैवलर बस ने खड़ी थार को मारी टक्कर, 3 की मौत, 7 घायल

गाजियाबाद के विजय नगर थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सुबह करीब 5 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। यह हादसा आईपी कॉलेज एग्जिट प्वाइंट के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रैवलर बस ने सड़क किनारे खड़ी थार गाड़ी और उसके पास मौजूद लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से मेरठ जा रही 16 सीटर ट्रैवलर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और उसने पहले खड़ी थार को टक्कर मारी, फिर वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि थार पलट गई और ट्रैवलर बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के दौरान थार से उतरकर दो युवक सड़क पर बाइक सवार से बातचीत कर रहे थे, तभी पीछे से आई बस ने नियंत्रण खो दिया और तीनों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में थार सवार एक युवक और बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में बाबरपुर निवासी नवीन कुमार वर्मा की पहचान हुई है, जबकि बाकी दो मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। वहीं ट्रैवलर बस में सवार सात यात्रियों को भी चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही विजय नगर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक बहाल कराया।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैवलर बस का चालक मौके से फरार हो गया। वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी की जा सके।

फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here