Home देश दुनिया उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और वज्रपात से तबाही, कई जिलों में मौत...

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और वज्रपात से तबाही, कई जिलों में मौत और फसल नुकसान

0
31

UP Weather: उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और वज्रपात से तबाही, कई जिलों में मौत और फसल नुकसान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर कहर बरपा दिया है। राज्य के कई हिस्सों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं से भारी नुकसान हुआ है। पूर्वांचल से लेकर बुंदेलखंड तक अलग-अलग हादसों में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

पूर्वांचल के वाराणसी में शुक्रवार दोपहर आंधी और बूंदाबांदी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। सिंधोरा क्षेत्र के भदेवली में 59 वर्षीय शिक्षक रमेशचंद्र भारती और उनकी 55 वर्षीय पत्नी चमेला देवी पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी वज्रपात की चपेट में आ गए। इसी क्षेत्र के जाठी गांव और चारो ग्राम सभा में भी कई लोग झुलस गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

भदोही के चौरी क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्चे प्राइस पाल की बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं सोनभद्र, गाजीपुर, मऊ, मिर्जापुर, जौनपुर और चंदौली में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। आजमगढ़ में आंधी के कारण पेड़ गिरने से मुख्य मार्ग बाधित हो गया, जबकि बलिया में बिजली के तार पर पेड़ गिरने से कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

बुंदेलखंड में भी मौसम ने तबाही मचाई। झांसी, हमीरपुर, महोबा और बांदा में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलीं, जबकि उरई में बारिश के साथ ओले भी गिरे। ओलावृष्टि के कारण किसानों को 30 से 40 प्रतिशत तक फसल नुकसान का अनुमान है।

चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से चार बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। ललितपुर और अन्य क्षेत्रों में भी बिजली गिरने से मौत की घटनाएं सामने आई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम अस्थिर बना रह सकता है और कई इलाकों में तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं की संभावना बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here