Navy Malvan Warship: पनडुब्बियों का काल ‘मालवन’ नौसेना में शामिल, समुद्री सुरक्षा को मिलेगा बड़ा बूस्ट
भारतीय नौसेना की ताकत को नई ऊंचाई देते हुए 31 मार्च 2026 को ‘मालवन’ नामक आधुनिक पनडुब्बी रोधी युद्धपोत नौसेना को सौंप दिया गया है। भारतीय नौसेना में शामिल हुआ यह अत्याधुनिक शैलो वॉटर क्राफ्ट (ASW SWC) तटीय सुरक्षा और अंडरवाटर वॉरफेयर क्षमताओं को कई गुना मजबूत करेगा। यह उपलब्धि ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल के तहत स्वदेशी रक्षा निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
इस युद्धपोत का निर्माण कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, ‘मालवन’ आठ स्वदेशी रूप से डिजाइन किए गए विशेष युद्धपोतों की श्रृंखला का दूसरा जहाज है, जिसे नौसेना की आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके शामिल होने से समुद्र में छिपे खतरों का तेजी से पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने की क्षमता में जबरदस्त इजाफा होगा।
इस युद्धपोत का नाम महाराष्ट्र के ऐतिहासिक तटीय शहर मालवन के नाम पर रखा गया है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज की गौरवशाली समुद्री विरासत से जुड़ा हुआ है। साथ ही यह भारतीय नौसेना के पुराने युद्धपोत INS मालवन की विरासत को भी आगे बढ़ाता है, जिसने वर्ष 2003 तक अपनी सेवाएं दी थीं।
तकनीकी दृष्टि से ‘मालवन’ बेहद आधुनिक और शक्तिशाली है। इसकी लंबाई लगभग 80 मीटर और विस्थापन करीब 1,100 टन है। इसमें 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया गया है, जो देश के MSME सेक्टर और घरेलू रक्षा उद्योग की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। यह जहाज उन्नत वाटरजेट प्रोपल्शन सिस्टम से लैस है, जिससे यह तेज गति और बेहतर संचालन क्षमता प्रदान करता है।
हथियार और तकनीक की बात करें तो ‘मालवन’ में आधुनिक रडार, अत्याधुनिक सोनार सिस्टम, टॉरपीडो और एंटी-सबमरीन रॉकेट लगाए गए हैं। यह जहाज समुद्र के भीतर छिपी पनडुब्बियों का सटीक पता लगाने और उन्हें नष्ट करने में सक्षम है। इसके अलावा यह अंडरवाटर सर्विलांस, तटीय सुरक्षा, कम तीव्रता वाले समुद्री ऑपरेशन और माइन वारफेयर जैसे मिशनों को प्रभावी ढंग से अंजाम दे सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ‘मालवन’ के शामिल होने से भारत की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को बड़ा मजबूती मिलेगी और हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक पकड़ और मजबूत होगी। यह युद्धपोत आने वाले समय में नौसेना के लिए एक गेमचेंजर साबित हो सकता है।



