Congress Delhi District President Selection: रायशुमारी से तय होंगे दिल्ली में कांग्रेस के नये जिला अध्यक्ष, कई के
पत्ते कटने तय
राहुल गांधी के निर्देश जमीन से जुड़े लोगो को लाया जाए आगे
– अश्वनी भारद्वाज –
नई दिल्ली ,जी हाँ कांग्रेस में एक नई परंपरा शुरू हो रही है अब कांग्रेस में जिला अध्यक्ष थोंपे नहीं जायेगें बल्कि जिले के तहत आने वाले प्रमुख कार्यकर्ताओं ,नेताओं की राय लेकर ही बनाये जायेगे | इतना ही नहीं उस क्षेत्र की सक्रिय संस्थाओं से भी राय लिए जाने की योजना पार्टी हाईकमान की है | समझ गये ना आप कांग्रेस जमीन पर उतर कर मैदान में आने की योजना पर काम कर रही है | और इस योजना पर खुद कांग्रेस सुप्रीमो राहुल गांधी तथा पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सहमति है |
हमने गत सप्ताह इस बाबत जिक्र किया था कि दिल्ली में कांग्रेस जिला अध्यक्षों तथा ब्लाक अध्यक्षों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जा रही है ओर जो लोग पार्टी की कसौटी पर खरे नहीं मिलेगें उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया जाएगा | पार्टी की गम्भीरता का इसी बात से अंदाज़ा लगाया जा सकता है जहाँ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी नें बड़े कद के नेताओं को जिला अध्यक्ष चयन के लिए मैदान में उतारा है जो स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से राय लेंगे वहीं दिल्ली कांग्रेस नें भी दिल्ली के प्रमुख तथा वरिष्ठ नेताओं को इस कार्य में आलाकमान की टीम के सहयोग के लिए तैनात कर दिया है | यानी हवाबाजों की अब खैर नहीं पार्टी की इस कवायद के बाद जमीन से जुड़े लोगों के हाथ में ही बागडौर होगी इस सम्भावना से इनकार नहीं किया जा सकता | मिली जानकारी के मुताबिक पार्टी नें गेंद कार्यकर्ताओं के पाले में भी डाली है जो भी कार्यकर्ता यह समझता है कि वह जिला अध्यक्ष बन संगठन को मजबूती दे सकता है वह भी पर्यवेक्षकों से फ़ार्म ले अपनी दावेदारी जता सकता है ओर यदि रायशुमारी में उसका दावा भी मजबूती से उभरता है तो कुछ चौकाने वाले नाम भी सामने आ सकते हैं |
बताया जा रहा है पार्टी सभी जिलों से तीन से छह नाम के पैनल पर विचार कर सकती है और जिस नाम पर रायशुमारी की मुहर लगेगी उस पर गम्भीरता से मंथन होगा | अब सवाल उठता है रायशुमारी में कौन -कौन लोग भाग लेंगे इसका निर्णय भी जल्द लिए जाने की सम्भावना है बाकायदा इसकी सूची बनाई जा रही है | वर्तमान जिला अध्यक्षों का जहाँ तक सवाल है उनके आचरण , कार्यकर्ताओं के प्रति व्यवहार ,सन्गठन के दिशा निर्देशों के तहत उनकी कार्यक्रमों में भागीदारी के अलावा जातीय समीकरणों का भी ध्यान दिए जाने की सम्भावना है | पार्टी हाईकमान की इस कसरत से यह अंदाज़ा तो लगाया जा सकता है पार्टी कुछ नई सोच के साथ आगे की राह तलाश रही है | इस अभियान के तहत पहले जिला अध्यक्षों का चयन होगा उसके बाद ब्लाक स्तर पर भी प्रदेश नेत्रत्व इस मुहीम को जारी रखेगा | आज बस इतना है ….



