Sambhal Bulldozer Action: संभल में अवैध मस्जिद पर बुलडोजर चला, कल्कि धाम के पास पूरी इमारत ध्वस्त
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासनिक सख्ती एक बार फिर देखने को मिली, जहां कल्कि धाम के पास एचौड़ा कंबोह इलाके में सरकारी जमीन पर बनी एक अवैध मस्जिद पर बुलडोजर चला दिया गया। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार दीपक जुरैल और सीओ कुलदीप सिंह की मौजूदगी में की गई। मस्जिद सार्वजनिक पार्क की 265 वर्ग मीटर भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई थी, जिसे अदालत और तहसील प्रशासन के आदेश के बाद पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन ने पहले 11 जून को नोटिस जारी किया था, लेकिन मस्जिद कमेटी द्वारा पूरी इमारत न हटाए जाने के बाद अंततः कार्रवाई को अंजाम दिया गया। प्रशासनिक टीम बुधवार सुबह भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर चलवाया गया। देखते ही देखते मस्जिद की पूरी संरचना मलबे में तब्दील हो गई। यह कार्रवाई पूरी तरह से कानून व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए की गई।
इस दौरान तीन थानों की पुलिस, पीएसी और राजस्व विभाग की टीम तैनात रही ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। अधिकारियों ने बताया कि मस्जिद के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया न्यायालय और तहसील प्रशासन के आदेशों के अनुरूप की गई। हल्का लेखपाल की रिपोर्ट के बाद यह पाया गया था कि कल्कि धाम के बगल में स्थित सार्वजनिक पार्क की भूमि पर यह निर्माण अवैध रूप से किया गया था। प्रशासन ने मस्जिद कमेटी को पहले नोटिस देकर स्वेच्छा से निर्माण हटाने का अवसर दिया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में पूरी कार्रवाई नहीं होने के बाद 24 सितंबर को बेदखली आदेश जारी किया गया। इसके बाद 10 अक्टूबर को एक विशेष समिति गठित की गई, जिसने 15 अक्टूबर को मौके पर पहुंचकर पूरी इमारत को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई सरकारी भूमि को कब्ज़ामुक्त कराने की राज्यव्यापी मुहिम का हिस्सा है। वहीं, अधिकारियों ने बताया कि अब मलबा हटाकर भूमि को सार्वजनिक पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि नागरिकों को इसका लाभ मिल सके। प्रशासन ने साफ किया है कि भविष्य में किसी भी सरकारी या सार्वजनिक भूमि पर अवैध निर्माण पाए जाने पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।



