Kaushambi Accident News: एक बाइक पर 5 युवक, रील बनाते हुए हुआ दर्दनाक हादसा, 4 की मौत
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। करारी थाना क्षेत्र के दरियापुर चौराहे के पास तेज रफ्तार बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भीषण टक्कर में चार युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। बताया जा रहा है कि पांच युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे और रास्ते में रीलबाजी भी कर रहे थे। हादसे से कुछ देर पहले ही युवकों ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वे एक बाइक पर पांच लोग बैठकर स्टंट जैसी हरकत करते दिखाई दे रहे थे। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब युवक धनपरा से दरियापुर की ओर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पलट गई। हादसे में राहुल, आकाश सरोज, अमन और संजीत की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, सीओ और करारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बाइक पर पांच लोग सवार थे और तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इस हादसे ने सोशल मीडिया रील्स और खतरनाक स्टंट के बढ़ते चलन को लेकर नई बहस छेड़ दी है।



