Kapil Sharma Cafe Shooting: कनाडा में कपिल शर्मा के ‘कैप्स कैफे’ पर फायरिंग, मोस्ट वांटेड आतंकी हरजीत सिंह ने ली जिम्मेदारी

0
32

Kapil Sharma Cafe Shooting: कनाडा में कपिल शर्मा के ‘कैप्स कैफे’ पर फायरिंग, मोस्ट वांटेड आतंकी हरजीत सिंह ने ली जिम्मेदारी

टोरंटो/नई दिल्ली मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित रेस्टोरेंट ‘Caps Cafe’ पर गुरुवार रात अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इससे इलाके में दहशत फैल गई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कम से कम 9 राउंड फायरिंग की। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें एक व्यक्ति कार से कैफे की खिड़की पर गोलियां चलाता दिखाई दे रहा है।

गौरतलब है कि यह कैफे कुछ दिन पहले ही कपिल शर्मा ने अपनी पत्नी गिन्नी चतरथ के साथ कनाडा के सरे शहर में खोला था। कैफे की भव्य ओपनिंग के बाद यह रेस्टोरेंट प्रवासी भारतीयों के बीच लोकप्रिय हो रहा था।

इस हमले की जिम्मेदारी बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े एनआईए के मोस्ट वांटेड आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली है। हरजीत सिंह कनाडा में रह रहा है और भारत में उस पर देशद्रोह और आतंकी गतिविधियों के कई मामले दर्ज हैं। हालांकि, हरजीत ने इस हमले को क्यों अंजाम दिया, इस बारे में उसने कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है।

स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आस-पास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां हमले को खालिस्तानी संगठन द्वारा डराने-धमकाने की रणनीति के तौर पर देख रही हैं। फिलहाल, कपिल शर्मा या उनके परिवार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

भारत सरकार ने भी कनाडा सरकार से इस हमले को लेकर सख्त आपत्ति दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार भारत यह मुद्दा खालिस्तानी तत्वों की गतिविधियों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने जा रहा है।

यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब पहले ही भारत और कनाडा के बीच खालिस्तानी गतिविधियों को लेकर तनाव चल रहा है। कनाडा में लगातार बढ़ रहे ऐसे हमलों से प्रवासी भारतीयों में चिंता और असुरक्षा का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here