Gujarat Bridge Collapse: गुजरात में महिसागर नदी पर बना ब्रिज टूटा, कई वाहन गिरे, टैंकर लटका, 9 लोगों की मौत
गुजरात के वडोदरा जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ जब महिसागर नदी पर बना 43 साल पुराना गम्भीरा पुल अचानक टूटकर गिर गया। यह पुल वडोदरा और आणंद को जोड़ता था। हादसे में पुल पर चल रहे पांच वाहन नदी में गिर गए, जिनमें एक टैंकर, एक ट्रक और एक पिकअप शामिल हैं। अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है और 6 घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें वडोदरा के एसएसजी अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है, जब पुल पर सामान्य ट्रैफिक चल रहा था। तभी अचानक पुल का एक हिस्सा ढह गया और वाहन नीचे नदी में समा गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अभी भी ट्रक और पिकअप नदी में फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने की कोशिश जारी है।
कलेक्टर अनिल धमेलिया ने बताया कि इस हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और कई अन्य घायल हैं। हादसे की असल वजह का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अभी यह साफ नहीं है कि पुल में पहले से कोई दरार थी या कोई तकनीकी खामी के कारण यह घटना हुई।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर दुख जताया है और अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेषज्ञों और पुल डिजाइन टीम से पूरी रिपोर्ट जल्द मांगी है। बताया जा रहा है कि यह पुल पिछले साल ही मरम्मत हुआ था और ट्रैफिक बढ़ने के कारण राज्य सरकार ने 212 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल की स्वीकृति भी दी थी। उस नए पुल की डिजाइन और टेंडर प्रक्रिया पहले से चल रही थी।



