Home देश दुनिया Faridabad: ग्रेटर फरीदाबाद की सोसायटी में डॉग लवर्स और सुरक्षाकर्मी में भिड़ंत,...

Faridabad: ग्रेटर फरीदाबाद की सोसायटी में डॉग लवर्स और सुरक्षाकर्मी में भिड़ंत, महिला गार्ड घायल

0
100

Faridabad: ग्रेटर फरीदाबाद की सोसायटी में डॉग लवर्स और सुरक्षाकर्मी में भिड़ंत, महिला गार्ड घायल

ग्रेटर फरीदाबाद की प्रिंसेस पार्क सोसायटी में शनिवार देर रात डॉग लवर्स और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। इस झगड़े में एक महिला सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गई। खेड़ीपुल थाना पुलिस ने इस घटना के बाद तीन आरोपियों—विपुल चौहान, उसकी पत्नी त्रिवेणी और सोसायटी की ही निवासी दिव्या नायक—के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट स्पष्ट दिखाई दे रही है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, घायल महिला गार्ड पूनम, जो बल्लभगढ़ की भीकम कॉलोनी की रहने वाली है, शनिवार रात करीब 12 बजे सोसायटी के मेन गेट पर ड्यूटी कर रही थी। उसी समय सेक्टर-17 निवासी विपुल चौहान अपनी पत्नी त्रिवेणी के साथ गेट पर पहुँचा। जब गार्ड ने सोसायटी में एंट्री के लिए गेट पास और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की बात कही, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान सोसायटी की अन्य निवासी दिव्या नायक और सुनीता भी मौके पर आ गईं और उन्होंने विपुल व त्रिवेणी को जबरन अंदर ले जाने की कोशिश की। आरोप है कि रोकने पर विपुल ने महिला गार्ड पूनम को धक्का देकर गिरा दिया और उसकी पत्नी त्रिवेणी ने पेचकस से गार्ड की जांघ पर हमला कर दिया। इस हमले में गार्ड घायल हो गई और उसे तुरंत इलाज के लिए भेजा गया।

वहीं दूसरी ओर आरोपी पक्ष ने घटनाक्रम की अलग कहानी पेश की है। उनका कहना है कि गार्ड ने त्रिवेणी का बाल पकड़कर उसे गिरा दिया और पिटाई की। उनका दावा है कि विपुल केवल पत्नी को बचाने के लिए बीच में आया था। इस विवाद ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया, और मौके पर अफरातफरी मच गई।

मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे शहर में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई करते नजर आ रहे हैं।

फरीदाबाद पुलिस के पीआरओ यशपाल सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विपुल चौहान, उसकी पत्नी त्रिवेणी और दिव्या नायक के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और चोट पहुंचाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब वायरल वीडियो और गवाहों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here