सीलमपुर विधानसभा में आतंकवाद के खिलाफ कैंडल मार्च : जुबेर अहमद
देश में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकवादी हमले के खिलाफ और शहीदों के हक़ के लिए पूर्व विधायक चौधरी मतीन अहमद और सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक चौधरी जुबैर अहमद के नेतृत्व में रोड नंबर 66 जाफराबाद से कैंडल मार्च निकाला गया जिसमे सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने मार्च में भाग लिया और आतंकवादी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।इस अवसर पर पूर्व विधायक चौधरी मतीन अहमद ने कहा कि इस तरह से निर्दोष लोगों की हत्या करना पूरी मानवता की हत्या के समान है।कोई भी धर्म किसी भी इंसान की हत्या की इजाजत नहीं देता।
पहलगाम की घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है।हम इस हमले में शहीद हुए लोगों के परिवारों के दुःख में शामिल हैं।आज इस कैंडल मार्च के माध्यम से हम आतंकवाद के खिलाफ अपना गुस्सा और दुख व्यक्त कर रहे हैं और भारत सरकार से मांग कर रहे हैं कि इस बर्बर कृत्य में शामिल सभी लोगों को न्याय के कटहरे में लाकर सख्त से सख्त सज़ा दी जाए। आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाते हुए विधायक चौधरी जुबैर अहमद ने कहा कि पहलगाम में जो हुआ, उसके बारे में सोचने से दिमाग काम करना बंद कर देता है।लोग खुशी-खुशी अपने परिवार के साथ सुकून के कुछ पल बिताने के लिए पहाड़ी इलाकों में घूमने और मनोरंजन के लिए जाते हैं, लेकिन मानवता के क्रूर दुश्मनों ने अपनी कायराना हरकतों से न केवल निर्दोष लोगों की जान ली है, बल्कि उनके हंसते-खेलते घरों को भी उजाड़ दिया है, जिसे कोई भी बर्दाश्त नहीं कर सकता।उन्होंने कहा कि इस कैंडल मार्च के माध्यम से हम यह संदेश देने के लिए सड़कों पर उतरे हैं कि इस देश में आतंकवाद का कोई जगह नहीं है।
यदि कोई ऐसा करता है जिससे लोगों की जान जाती है या देश की शांति-व्यवस्था भंग होती है तो उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।जुबैर अहमद ने कहा कि हमें भारत सरकार से पूरी उम्मीद है कि इस हमले के बाद भारत चुप नहीं बैठेगा और आतंकियों को कड़ा जवाब जरूर दिया जाएगा।सीलमपुर वार्ड से निगम पार्षद हज्जन शकीला बेगम के पति हाजी अफजाल ने कहा कि कुछ लोग भारत के अमन और शांति को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, इसलिए आतंकियों ने निर्दोष लोगों को निशाना बनाया है, जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है।हम इस हमले का कड़ा विरोध करते हैं।राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सैयद नासिर जावेद ने कहा कि यह महज एक हमला नहीं बल्कि हमारे देश भारत के सीने पर एक गहरा घाव है और जिन लोगों ने इस हमले में अपने प्रियजनों को खोया है, वे इस घाव को जीवन भर नहीं भर पाएंगे। आज हर भारतीय के दिल में एक ही इच्छा है कि इस हमले के लिए जो भी जिम्मेदार है उसे पकड़ा जाए और ऐसी सजा दी जाए कि आतंकी कांप उठें। इस कैंडल मार्च में उपस्थित सभी लोगों ने आवाज़ में आवाज़ मिलाते हुए शांति एवं भाई चारे का संदेश दिया तथा आतंकवाद का कड़ा विरोध किया।कैंडल मार्च में मुख्य रूप से आप नेता नदीम अहमद, सैयद नासिर जावेद, हाजी लताफत अली, रियाजुद्दीन राजू, हाजी इरफान इदरीसी, शकील राणा, मकसूद जमाल, रईस सलमानी, मशकूर आलम, मजहर मुहम्मद, विश्वनाथ शुक्ला, कैलाश, नैमिश, जावेद अंसारी, सचिन गौतम, मुस्कान खान, अपर्णा गेहरवार, सोनम वर्मा, सरिता, अन्नू बी, पूजा एडवोकेट, जरार अहमद, खालिद खान, साजिद अली चौधरी, अफसर खान, हसीब उल हसन, शादाब हसन, शफीक खान मीनू, आदिल सलमानी, फैजान कुरेशी, आरिफ सिद्दीकी, राजेंद्र प्रधान, रिजवान इदरीसी, जफर चौधरी, हाजी जाकिर हुसैन, ताज राईन, आबाद खान, शरीफ अहमद, नदीम राईन, राव नावेद, जीशान खान, असलम मलिक के नाम उल्लेखनीय हैं।



