Burning Train: गाइसल स्टेशन पर सिलीगुड़ी-मालदा डेमू ट्रेन में लगी आग, बाल-बाल बचे यात्री
मंगलवार को एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई जब सिलीगुड़ी से मालदा जा रही डेमू ट्रेन (ट्रेन नंबर 75720) के पिछले इंजन में अचानक आग लग गई। घटना दोपहर करीब गाइसल रेलवे स्टेशन पर उस समय हुई जब ट्रेन इस्लामपुर थाना क्षेत्र के पास पहुंची थी। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई यात्री या रेलवे कर्मचारी घायल नहीं हुआ।
ट्रेन जैसे ही गाइसल स्टेशन पर रुकी, ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों ने पिछले इंजन से धुआं उठते देखा। देखते ही देखते इंजन में आग की लपटें भी दिखने लगीं। आग और धुएं के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। भयभीत यात्री तुरंत ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। कई लोगों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी।
घटना की गंभीरता को भांपते हुए ट्रेन मैनेजर आरआर भारती ने सतर्कता दिखाते हुए इंजन से धुआं निकलते ही तुरंत ड्राइवर को फोन पर इसकी जानकारी दी। ड्राइवर ने तुरंत ट्रेन को रोक दिया और आगे की सूचना स्टेशन प्रशासन को दी गई। समय पर कदम उठाते हुए स्टेशन अधिकारियों ने दमकल विभाग को बुलाया।
कुछ ही देर में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू किया और थोड़ी ही देर में स्थिति पर काबू पा लिया गया। इस पूरी घटना के दौरान किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच में इंजन के इलेक्ट्रिकल सिस्टम में खराबी की आशंका जताई जा रही है। विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के असली कारण का पता चलेगा। फिलहाल रेल प्रशासन ने यात्रियों को अन्य ट्रेन में भेजने की व्यवस्था की और प्रभावित डेमू ट्रेन को तकनीकी निरीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
यह घटना एक बार फिर रेल सुरक्षा और तकनीकी निगरानी की अहमियत को उजागर करती है। रेलवे ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी संबंधित उपकरणों और इंजन की जांच और रखरखाव की प्रक्रिया और सख्त की जाएगी।



