Home दिल्ली-एनसीआर Delhi Murder: मंगोलपुरी में 17 वर्षीय किशोर की चाकुओं से हत्या, सिगरेट...

Delhi Murder: मंगोलपुरी में 17 वर्षीय किशोर की चाकुओं से हत्या, सिगरेट देने से इनकार पर वारदात

0
32

Delhi Murder: मंगोलपुरी में 17 वर्षीय किशोर की चाकुओं से हत्या, सिगरेट देने से इनकार पर वारदात

राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक बार फिर चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस बूथ से महज 30 मीटर की दूरी पर स्थित एक पार्क में 17 वर्षीय किशोर की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मृतक की पहचान 17 वर्षीय लालू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, लालू देर शाम घर से पास के पार्क में बाथरूम के लिए गया था। उस समय पार्क में अंधेरा था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद 3-4 नाबालिग लड़कों ने उससे सिगरेट मांगी। जब लालू ने सिगरेट देने से मना किया तो आरोपी भड़क गए और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में लालू गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मंगोलपुरी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी भी नाबालिग बताए जा रहे हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस बूथ के इतने पास इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इलाके में पहले भी झगड़े और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और पार्कों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।

राजधानी में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक मामूली बात पर 17 साल के किशोर की जान चली जाना समाज में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति की गंभीर तस्वीर पेश करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here