Delhi Rohini Accident: रोहिणी में खुले नाले में गिरकर मजदूर की मौत
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-32 में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। महाशक्ति काली मंदिर के पास खुले नाले में गिरने से 30 वर्षीय मजदूर बिरजू कुमार की मौत हो गई। मृतक बिहार के समस्तीपुर का निवासी था और दिल्ली में मजदूरी करता था।
सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक सर्च करने के बाद बिरजू को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार घटना के समय बिरजू अपने दोस्त के साथ था। पूछताछ में दोस्त ने बताया कि दोनों दिनभर शराब पीने के बाद नाले के पास जा रहे थे और इसी दौरान बिरजू का संतुलन बिगड़ गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस नाले में बिरजू गिरा वह डीडीए की जमीन पर था। पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि नाले को खुला छोड़ने में किसकी लापरवाही रही। यह घटना राजधानी में खुले सीवर और गड्ढों की लगातार बढ़ती खतरनाक स्थिति को फिर से उजागर करती है।



