Delhi Murder: नाबालिग से अप्राकृतिक संबंध की कोशिश, विरोध में किशोर ने सिलेंडर से सिर कुचला, कांच से काटा गला
दिल्ली में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें नाबालिग के साथ जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाने की कोशिश एक रेलवे कर्मचारी की जान पर भारी पड़ गई। इंडियन रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत 39 वर्षीय संदीप कुमार मालवीय की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि 17 वर्षीय किशोर निकला, जिसे पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, संदीप कुमार मालवीय ने किशोर को अपने किराए के कमरे में बुलाया था। आरोप है कि वहां उसने नाबालिग के साथ जबरदस्ती अप्राकृतिक संबंध बनाने का प्रयास किया। इस हरकत से आक्रोशित किशोर ने कमरे में रखे गैस सिलेंडर से संदीप के सिर पर जोरदार वार किया और फिर टूटे हुए कांच के टुकड़े से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। हमले में संदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी किशोर संदीप के पास मौजूद करीब 2000 रुपये नकद, क्रेडिट कार्ड और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। बाद में उसने मृतक के बैंक खाते से पैसे निकालकर नया मोबाइल फोन भी खरीदा। पुलिस जांच में यह अहम सुराग साबित हुआ।
उत्तर और मध्य जिले की संयुक्त पुलिस टीम को 2 फरवरी को गुलाबी बाग थाना क्षेत्र से पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें रेलवे कॉलोनी सब्जी मंडी इलाके में एक शव पड़े होने की सूचना दी गई थी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को कॉलर मंदीप कुमार मालवीय मिले, जिन्होंने शव की पहचान अपने बड़े भाई संदीप कुमार मालवीय के रूप में की। शव अर्द्धनग्न अवस्था में था और चेहरा आंशिक रूप से सड़ चुका था। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और आसपास कपड़े व अन्य सामान बिखरा हुआ मिला।
मृतक के भाई ने बताया कि संदीप 25 जनवरी से लापता थे और इस संबंध में पहाड़गंज थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। 27 जनवरी को उनकी बाइक आर.के. आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास लावारिस हालत में मिली थी। जांच के दौरान परिवार को पता चला कि संदीप ने रेलवे कॉलोनी, सब्जी मंडी क्षेत्र में एक कमरा किराए पर लिया था, जहां वह कभी-कभी आता था। शक होने पर भाई ने कमरे का ताला तुड़वाया, जिसके अंदर संदीप की लाश पड़ी मिली।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दीप चंद बंधु अस्पताल भेजा और मौके से सबूत इकट्ठा किए। सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक किशोर संदीप के साथ ऑटो में जाता हुआ दिखाई दिया। बैंक खाते की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को मंदिर मार्ग इलाके से आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया गैस सिलेंडर, कांच के टुकड़े, संदीप के कपड़े और पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत अदालत में पेश किया जाएगा। यह मामला न सिर्फ अपराध की भयावहता को उजागर करता है, बल्कि समाज में नाबालिगों की सुरक्षा और अपराध की बदलती प्रवृत्तियों पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।



