Delhi Crime: दिल्ली में पिता की बर्बरता, 11 साल के बेटे की हत्या कर बनाया वीडियो, परिवार को भेजकर दी जानकारी
दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके शास्त्री पार्क से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक पिता ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही 11 साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक बच्चे की पहचान अल्तमश के रूप में हुई है। बच्चे का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार में कोहराम छा गया। शुरुआती जांच में बच्चे की आंख और सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जो इस हत्या की बर्बरता को साफ तौर पर उजागर करते हैं।
जानकारी के अनुसार, अल्तमश रोज की तरह अपने भाई के साथ स्कूल गया था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। देर रात पुलिस को बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना शास्त्री पार्क की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
इस सनसनीखेज हत्या का आरोप बच्चे के पिता वाजिद खान पर लगा है। पुलिस के मुताबिक, वाजिद खान ने अपने बेटे की हत्या करने के बाद न सिर्फ उसका वीडियो बनाया, बल्कि उस वीडियो को अपने ही परिवार के सदस्यों को भेजकर इस जघन्य वारदात की जानकारी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी पत्नी को फोन कर यह भी कहा कि उसने बच्चे को मार दिया है और उसकी लाश पड़ी है, जाकर उठा लो।
पत्नी को पहले तो इस बात पर यकीन नहीं हुआ। उसने आरोपी से कहा कि वह ऐसा नहीं कर सकता। इस पर आरोपी ने कसम खाकर कहा कि उसने सच में बच्चे की हत्या कर दी है और शव वहीं पड़ा हुआ है। यह ऑडियो कॉल फिलहाल पुलिस के पास सबूत के तौर पर मौजूद है और जांच का अहम हिस्सा बनी हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी वाजिद खान और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी घरेलू झगड़े के बाद गुस्से में आकर आरोपी ने अपने ही बेटे की जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद से मृतक बच्चे के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि अल्तमश बेहद मासूम था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। इस घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे इलाके के लोगों को अंदर तक हिला दिया है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



