Thailand Train Accident: थाईलैंड में दर्दनाक ट्रेन हादसा, निर्माणाधीन हाई-स्पीड रेल साइट पर गिरी क्रेन, 22 की मौत, 79 घायल
थाईलैंड में एक भीषण रेल दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है, जहां चलती पैसेंजर ट्रेन पर निर्माणाधीन हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट की क्रेन गिरने से ट्रेन पटरी से उतर गई और कई डिब्बों में आग लग गई, इस हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 79 यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से 8 की हालत बेहद गंभीर है। यह दर्दनाक घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजकर 5 मिनट पर थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से लगभग 230 किलोमीटर दूर उत्तर-पूर्वी नखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो जिले में हुई।
समाचार एजेंसी AFP और थाई अधिकारियों के मुताबिक बैंकॉक से उत्तर-पूर्वी इलाके की ओर जा रही यह ट्रेन जैसे ही सिखियो क्षेत्र में पहुंची, उसी समय हाई-स्पीड रेल ब्रिज निर्माण में इस्तेमाल की जा रही एक विशाल क्रेन असंतुलित होकर सीधे ट्रेन के ऊपर गिर गई। क्रेन के गिरते ही तेज धमाके के साथ ट्रेन पटरी से उतर गई और उसके कुछ डिब्बों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और कई रेस्क्यू टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन कई यात्री काफी देर तक डिब्बों में फंसे रहे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। थाईलैंड रेलवे के अनुसार ट्रेन में सीटिंग प्लान के हिसाब से 195 यात्री सवार थे, हालांकि वास्तविक संख्या इससे अधिक भी हो सकती है।
थाई सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके पर कई बचाव दल तैनात किए गए हैं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस बीच थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री और परिवहन मंत्री पिपट रचकिटप्रकर्ण ने इस हादसे को बेहद गंभीर बताते हुए इसके कारणों की गहन और व्यापक जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जांच में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में चूक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अंतिम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस हादसे के बाद थाईलैंड में रेलवे सुरक्षा और निर्माण स्थलों पर चल रहे कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।



