Home देश दुनिया Noida Bike Theft Gang: जुड़वा भाइयों की चालाकी से बाइक चोरी का...

Noida Bike Theft Gang: जुड़वा भाइयों की चालाकी से बाइक चोरी का खेल, नोएडा पुलिस ने गैंग का किया पर्दाफाश

0
38

Noida Bike Theft Gang: जुड़वा भाइयों की चालाकी से बाइक चोरी का खेल, नोएडा पुलिस ने गैंग का किया पर्दाफाश

नोएडा में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है, जिसमें जुड़वा भाइयों की हैरान करने वाली भूमिका सामने आई है। नोएडा फेज-1 थाना पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो हमशक्ल जुड़वा भाई शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 15 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटर के साथ-साथ बड़ी मात्रा में वाहन पार्ट्स बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गैंग की सबसे बड़ी ताकत जुड़वा भाइयों की एक जैसी शक्ल-सूरत थी। दोनों आरोपी एक जैसे कपड़े पहनते थे और जरूरत के हिसाब से अदल-बदल कर लेते थे, जिससे पहचान करना पुलिस के लिए मुश्किल हो जाता था। गैंग का तरीका बेहद चालाक था। एक भाई किसी दुकान पर बैठकर सामान्य गतिविधि दिखाता था, जबकि दूसरा उसी दौरान अलग-अलग इलाकों में घूमकर दोपहिया वाहनों की चोरी करता था। इस वजह से कई बार सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान पुलिस को भ्रमित कर देते थे।

पुलिस ने सेक्टर-14ए के पास कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान शादाब उर्फ रुतबा, अरमान उर्फ सुट्टा, उलमान और विजय के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के इलाकों में कॉलोनियों, सोसाइटियों, कंपनियों और फैक्ट्रियों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों की पहले रेकी करते थे। सही मौका मिलते ही वे लॉक तोड़कर वाहन चोरी कर लेते थे।

चोरी के बाद गैंग के सदस्य वाहनों को कबाड़ी की दुकानों पर ले जाकर काट देते थे और उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच देते थे। कई मामलों में पूरे वाहन सस्ते दामों पर दूसरे राज्यों में भी खपा दिए जाते थे। पुलिस ने इनके पास से 12 मोटरसाइकिल टंकी, 5 साइलेंसर, 4 मडगार्ड, 2 टायर रिम और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले मुखौटे भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से नोएडा और आसपास के इलाकों में वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने किन-किन मामलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस का दावा है कि आगे की पूछताछ में और भी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here