फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया में विशाल भंडारे का आयोजन : विनीत जैन
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : नववर्ष के शुभ अवसर पर आज फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया में फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यह आयोजन हाल ही में संपन्न हुए फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया के शताब्दी वर्ष समारोह की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में सेवा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता के भाव के साथ आयोजित किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रमिकों, उद्यमियों, स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे क्षेत्र में सौहार्द, अनुशासन और सेवा का वातावरण देखने को मिला। नववर्ष की शुरुआत समाज के हर वर्ग के साथ खुशियाँ साझा कर करने का यह प्रयास औद्योगिक क्षेत्र की सामाजिक जिम्मेदारी को भी दर्शाता है। इस अवसर पर लक्ष्मी नगर के विधायक अभय वर्मा, शाहदरा के विधायक संजय गोयल तथा झिलमिल वार्ड के पार्षद पंकज लूथरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया दिल्ली के सबसे पुराने और प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है, जिसने दशकों से रोजगार सृजन, औद्योगिक उत्पादन और सामाजिक सहभागिता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
शताब्दी वर्ष समारोह के बाद इस प्रकार का सेवा-आधारित आयोजन उद्योग और समाज के मजबूत संबंधों का प्रतीक है। आयोजन में एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. अनिल गुप्ता, प्रधान हरीश गर्ग, महासचिव विनीत जैन, कोषाध्यक्ष दीप राम चौधरी सहित सभी पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभाई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि शताब्दी वर्ष जैसे ऐतिहासिक कार्यक्रम की सफलता के बाद नववर्ष की शुरुआत सेवा कार्य से करना एक सर्वसम्मत और सामूहिक निर्णय था, ताकि इस उपलब्धि की खुशी समाज के हर वर्ग तक पहुँच सके।
भंडारे की व्यवस्थाओं में स्वच्छता, अनुशासन और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा गया। स्वयंसेवकों और सदस्यों ने पूरे समर्पण के साथ सेवा कार्य को संपन्न कराया, जिसकी उपस्थित जनों ने खुले मन से सराहना की।



