Ghaziabad Fake Food: गाजियाबाद में पकड़ा गया साढ़े सात कुंतल नकली पनीर, खोए और डीएपी की बड़ी खेप बरामद
गाजियाबाद: मंगलवार देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जनपद की सभी सीमाओं पर अभियान चलाया। यूपी गेट पर तैनात टीम ने अलीगढ़ से आ रहे माल वाहक वाहन को रोका और जांच के दौरान 750 किलो नकली पनीर बरामद किया, जिसे मौके पर नष्ट कर दिया गया। वहीं, मेरठ से आ रहे वाहन में 300 किलो मिलावटी खोए को भी पकड़ा और नष्ट कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक कुल 126 नमूने खाद्य पदार्थों के लिए जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिनमें मिठाइयां, खोए, सोनपापड़ी और मेवे शामिल हैं।
इसके अलावा, कृषि विभाग और एसटीएफ आगरा की टीम ने मुरादनगर के बंबा रोड कॉलोनी में एक गोदाम पर छापेमारी कर 1000 से अधिक नकली डीएपी उर्वरक बरामद किए। गोदाम का मालिक ताज चौधरी है और इसे किराए पर राहुल सिंघल ने लिया था। गोदाम संचालन का कोई लाइसेंस नहीं था। बरामद सामान को जांच के लिए भेज दिया गया है।
अधिकारी अरविंद कुमार यादव ने बताया कि यह अभियान जनपद में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए लगातार जारी है।



