Lalu Yadav: लैंड फॉर जॉब घोटाले में ED ने लालू परिवार को भेजा समन
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने लैंड फॉर जॉब घोटाला मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और उनके परिवार को समन जारी किया है। सभी को अलग-अलग दिन पटना स्थित ED ऑफिस में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। तेज प्रताप यादव और राबड़ी देवी को मंगलवार को पेश होने के लिए कहा गया है, जबकि लालू यादव को बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
इससे पहले, 29 जनवरी को ED ने लालू यादव से 10 घंटे तक पूछताछ की थी, जबकि पिछले साल 30 जनवरी को तेजस्वी यादव से 8 घंटे तक पूछताछ की गई थी। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक लालू यादव और उनके परिवार के सदस्य इस बार एजेंसी के सामने पेश नहीं हो सकते। पिछले साल, ED ने दिल्ली की एक अदालत में लालू परिवार के सदस्यों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटियां मीसा भारती और हेमा यादव समेत कुछ अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था।
यह मामला 2004 से 2009 के बीच पश्चिम-मध्य रेलवे के जबलपुर जोन में ग्रुप-डी पदों पर हुई नियुक्तियों से जुड़ा है। आरोप है कि उस दौरान रेल मंत्री रहे लालू यादव ने उम्मीदवारों से उनके परिवार या करीबी लोगों के नाम पर जमीन हस्तांतरित करवाई और इसके बदले में उन्हें रेलवे में नौकरियां दी गईं। सीबीआई ने 18 मई 2022 को लालू यादव, उनकी पत्नी, दो बेटियों, अज्ञात सरकारी अधिकारियों और कुछ निजी व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अब तक 30 आरोपियों के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति मिल चुकी है।



