Home दिल्ली-एनसीआर BBC डॉक्यूमेंट्री के लिए डीयू के नॉर्थ कैंपस में जमा हुए छात्रों...

BBC डॉक्यूमेंट्री के लिए डीयू के नॉर्थ कैंपस में जमा हुए छात्रों को हिरासत में लिया गया

0
173

बीबीसी के 2002 के गुजरात दंगों पर बने विवादास्पद डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में आज जमा हुए अनेक छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कुछ छात्र कार्यकर्ताओं ने यह आरोप लगाया। डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन को लेकर पिछले दिनों इसी तरह का हंगामा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और जामिया मिल्लिया इस्लामिया में हुआ था। छात्र संगठनों के डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन के आह्वान के बाद विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।इससे पहले आज दिन में दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोक्टर रजनी अब्बी ने कहा था कि विश्वविद्यालय प्रशासन स्क्रीनिंग नहीं होने देगा और छात्र संगठनों ने इसके लिए अनुमति नहीं मांगी है। कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई ने नॉर्थ कैंपस में शाम चार बजे डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग की घोषणा की थी, वहीं भीम आर्मी स्टूडेंट्स फेडरेशन ने कहा कि वह विश्वविद्यालय के कला संकाय के बाहर शाम पांच बजे स्क्रीनिंग करेगा।

कुछ छात्रों ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस ने आंबेडकर विश्वविद्यालय परिसर में घुसकर स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया यानि SFI के कार्यकर्ताओं को डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन से रोका था। हालांकि छात्रों ने फोन और लैपटॉप पर डॉक्यूमेंट्री देखने की वैकल्पिक व्यवस्था की थी। बहरहाल, पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे इलाके में अमन चैन बनाकर रखने के लिए जिले में सभी कॉलेज और विश्वविद्यालयों के परिसरों का दौरा कर रहे हैं। वाम समर्थित एसएफआई ने आरोप लगाया कि डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग नहीं हो सकी क्योंकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिजली आपूर्ति रोक दी, लेकिन फिल्म के लिंक के साथ एक क्यूआर कोड छात्रों के साथ साझा किया गया ताकि वे अपने फोन, लैपटॉप आदि पर इसे देख सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here