दिल्ली में श्रद्धा मर्डर जैसी एक और वारदात को अंजाम दिया गया है। इस हत्याकांड को एक मां-बेटे ने मिलकर किया है। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने एक महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है और बताया जा रहा है कि बेटे ने माँ के साथ मिलकर पिता की हत्या का अंजाम दिया और फिर शव को काट कर फ्रीज में रख दिया। आरोपी मां-बेटे ने अलग-अलग दिन आकर चांद सिनेमा के सामने स्थित ग्राउंड में आधी रात के बाद शव के टुकड़ों को ठिकाने लगाया। मई महीने में पुलिस को मानव अंग मिले थे। इस मामले में पुलिस के हाथ कई सीसीटीवी फुटेज भी लगी थी। जिसके बाद पुलिस ने जांच की और आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया। मृतक का नाम अंजन दास बताया जा रहा है और आरोपियों का नाम पूनम और दीपक है। कहा जा रहा है कि अंजन दास के कई महिलाओं से अवैध संबंध थे। अंजन को उसे शराब और नशे की गोलियां खिलाई गई थी। बेहोश होने के बाद मां और बेटे ने अंजन की हत्या कर दी और अलग-अलग रात को शव के टुकड़ों को ठिकाने लगाया। पुलिस के पास केस वर्कआउट करने को ज्यादा सुराग नहीं थे। सीसीटीवी फुटेज में चेहरे साफ नहीं थे। आसपास के दर्जनों कैमरों की फुटेज खंगाली गई। एक पैटर्न उभरा तो मैदान के आसपास लोगों से पूछताछ की गई। धीरे-धीरे पुलिस पूनम और दीपक तक पहुंची। पूछताछ में इन्होंने जुर्म कबूल लिया। दोनों को अरेस्ट कर लिया गया है। पुलिस अब इन दोनों के डीएनए का लाश के टुकड़ों से मैच कराएगी। पांडव नगर का यह मामला महरौली के श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड से काफी मिलता-जुलता है। दोनों की टाइमलाइन लगभग एक जैसी है। श्रद्धा और अंजन, दोनों का मर्डर मई में हुआ। दोनों ही मामलों में, लाश के टुकड़े घर के भीतर किए गए और फिर उन्हें फ्रिज में रखा गया। पुलिस के अनुसार, श्रद्धा केस में आरोपी आफताब ने शव को ठिकाने बेहद सावधानी से, कई महीनों में ठिकाने लगाए।



